ट्रेड वॉर में कमी से बाजारों में उछाल, सेंसेक्स 247 अंक चढ़ कर 38,127 पर बंद

1057

नई दिल्ली।अमेरिका और चीन के बीच ट्रेड वार में कुछ नरमी आने की उम्मीद के बीच वैश्विक स्तर पर मिले सकारात्मक रुझानों से शुक्रवार को देश के शेयर बाजारों में तेजी दर्ज की गई। बीएसई का सेंसेक्स 246.68 अंकों की तेजी के साथ 38,127.08 पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 66.70 अंकों की तेजी के साथ 11,301.25 पर बंद हुआ।

सेंसेक्स में इन्फोसिस में सर्वाधिक 4.19 फीसदी तेजी रही। वेदांता और टाटा मोटर्स में तीन फीसदी से अधिक तेजी रही। ओएनजीसी और टाटा स्टील दो फीसदी से अधिक उछले। हिंदुस्तान यूनीलिवर, एचसीएल टेक्नोलॉजी, टेक महिंद्रा, भारती एयरटेल, मारुति और एचडीएफसी एक फीसदी से अधिक उछले। दूसरी ओर यस बैंक में सर्वाधिक 3.30 फीसदी गिरावट रही।

सेक्टरों के लिहाज से बीएसई के धातु सेक्टर में सर्वाधिक 2.44 फीसदी मजबूती रही। एफएमसीजी, आईटी, रियल्टी और टेक्नोलॉजी सेक्टर में भी एक फीसदी से अधिक तेजी रही। दूसरी ओर सिर्फ तीन सेक्टरों में गिरावट रही। ऊर्जा और तेल एवं गैस दोनों सेक्टरों में 0.41 फीसदी गिरावट रही। बीएसई के मिडकैप में 0.24 फीसदी और स्मॉलकैप में 0.38 फीसदी तेजी रही।

निवेशकों का बढ़ा मनोबल
अमेरिका और चीन के बीच ट्रेड वार वार्ता पर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टिप्पणी सकारात्मक टिप्पणी से पूरी दुनिया के बाजारों में तेजी का रुझान देखा गया। इसका भारत पर भी असर दिखा। ट्रंप ने कहा कि हमारी चीन के साथ अभी-अभी एक वार्ता खत्म हुई है।

वार्ता काफी अच्छी रही। कल भी वार्ता होनी है। एशिया के अन्य बाजारों में शंघाई कंपोजिट इंडेक्स हैंगसेंग और निक्केई में काफी तेजी रही। यूरोप के बाजारों में भी शुरुआती कारोबार में तेजी का माहौल देखा गया।