झालावाड़ जिले में ओलावृष्टि से सरसों एवं धनिया की फसल को नुकसान

290

झालावाड़। जिले में पश्चिमी विक्षोभ के कारण बुधवार को मौसम का मिजाज बदल गया। दिनभर बादल छाए रहे और शाम को बारिश के साथ विभिन्न कस्बों में ओलावृष्टि हुई। मनोहरथाना, रायपुर के हिम्मतगढ़, झालरापाटन के पाटलिया और भवानीमंडी क्षेत्र में चने के आकार के ओले गिरे। वहीं झालावाड़, झालरापाटन, बकानी, पनवाड़ , मिश्रौली, अकलेरा, खानपुर में बारिश हुई। ओलावृष्टि से सरसों, धनिया और सब्जियों की फसल में नुकसान हुआ है।

कृषि विभाग का दावा है कि ओलावृष्टि हुई है, लेकिन ज्यादा देर नहीं हुई और कुछ क्षेत्रों में हुई, इससे ज्यादा नुकसान नहीं है। शहर में बुधवार को सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। सूर्य भी बादलों की आगोश में रहा। इसके कारण न्यूनतम तापमान 3 डिग्री बढ़ गया। शाम को सर्द हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। शहर में आधा घंटे रिमझिम बारिश हुई। इससे सड़कों पर पानी बह निकला। इससे मौसम में सर्दी और बढ़ गई है।

अधिक नुकसान नहीं
कृषि उपनिदेशक सत्येंद्र पाठक ने बताया कि मनोहरथाना, रायपुर के हिम्मतगढ़, पाटलिया व भवानीमंडी में ओलावृष्टि की सूचना मिली है। इससे सरसों व धनिया की फसल में नुकसान हो सकता है। साथ ही सब्जियों में भी नुकसान हो सकता है। हालाकि ओलावृष्टि ज्यादा देर नहीं होने से अधिक नुकसान नहीं है कुछ खेतों में नुकसान होगा।