जाह्नवी ने तिरुमला में सोनचिरैया की रियल ज़री साड़ी पहन दिलाई राष्ट्रीय पहचान

0
9

कोटा। बॉलीवुड अभिनेत्री जाह्नवी कपूर ने अपनी आगामी फिल्म की रिलीज़ से पूर्व आंध्र प्रदेश के पवित्र तिरुमला मंदिर में दर्शन के दौरान कोटा की सोनचिरैया की रियल ज़री कोटा साड़ी धारण कर राजस्थान की इस ऐतिहासिक हस्तकरघा परंपरा को राष्ट्रीय मंच पर नई पहचान दिलाई है।

प्रीति सिंह पारीक ने बताया कि रियल ज़री कोटा साड़ी कोई साधारण वस्त्र नहीं, बल्कि सदियों पुरानी उस बुनाई परंपरा का जीवंत प्रमाण है, जो कभी केवल राजघरानों और विशेष अवसरों तक सीमित थी। इस अनूठी बुनाई में शुद्ध रेशम और सूती धागों को असली सोने और चांदी के ज़री धागों के साथ मिलाकर पारंपरिक पिटलूम पर हाथ से बुना जाता है।

सोनचिरैया की संस्थापक प्रीति ने बताया कि विगत कुछ वर्षों में इस लुप्त होती परंपरा को पुनर्जीवित करने का संकल्प लिया गया और रियल गोल्ड व सिल्वर ज़री की इस विरासती बुनाई को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रतिष्ठा दिलाने का प्रयास किया गया।

उल्लेखनीय है कि जाह्नवी कपूर से पूर्व भी अनेक प्रतिष्ठित हस्तियां कोटा ज़री साड़ी की शोभा बढ़ा चुकी हैं। महारानी राधिका राजे गायकवाड़, महारानी अम्बिका राजे, मयूरभंज की महारानी रश्मि राजे, उद्योगपति टीना अंबानी, जिन्होंने अनंत-राधिका विवाह समारोह में इसे धारण किया। बोट (boAt) के संस्थापक अमन गुप्ता की धर्मपत्नी प्रिया गुप्ता भी इस परंपरागत वस्त्र को अपना चुकी हैं।