छोटी इलायची की कीमतों में आगामी महीनों के दौरान अच्छी तेजी आने के आसार

0
4

कोच्चि। Small cardamom prices: विभिन्न कारणों से छोटी इलायची का भाव आगामी महीनों के दौरान ऊंचा और तेज रहने की संभावना है। 1 अगस्त से 2026-27 के लिए इसका नया मार्केटिंग सीजन आरंभ हो चुका है। पिछला बकाया स्टॉक काफी कम बताया जा रहा है।

इस बार भारत एवं ग्वाटेमाला में इसका विपणन योग्य उत्पादन घटने की आशंका है। मौसम की हालत अब भी अनिश्चित बनी हुई है जबकि इलायची की घरेलू एवं वैश्विक मांग मजबूत रहने की उम्मीद है।

यह देखना आवश्यक होगा की छोटी (हरी) इलायची का उत्पादन कितना होता है। इसकी क्वालिटी कैसी रहती है और मार्केट में इसकी कितनी मात्रा पहुंच पाती है क्योंकि उत्पादन में गिरावट एवं कीमतों में वृद्धि का संकेत मिलने पर उत्पादक इसका स्टॉक रोकने का प्रयास कर सकते हैं।

नीलामी केन्द्रों में हरी इलायची का औसत मूल्य 3000 रुपए प्रति किलो से ऊपर चल रहा है। 30 जुलाई को आयोजित नीलामी में औसत मूल्य 3230.32 रुपए प्रति किलो तथा उच्चतम मूल्य 7070 रुपए प्रति किलो पर पहुंच गया था। उससे एक दिन पूर्व आयोजित नीलामी में भी इलायची का औसत मूल्य 3232.61 रुपए प्रति किलो के उच्च स्तर पर रहा था।

व्यापार विश्लेषकों के अनुसार इलायची का औसत मूल्य 2900 से 3100 रुपए प्रति किलो के बीच रहने की संभावना है। 2860 रुपए के मूल्य स्तर पर इसे लिवाली का अच्छा समर्थन मिल सकता है जबकि अगला टारगेट 3600 रुपए प्रति किलो आंका गया है। नीचे में 2580 रुपए के मूल्य स्तर पर इसका जोरदार कारोबार होने की उम्मीद है। आगे कीमतों को अच्छा समर्थन मिलता रहेगा।