लखनऊ क्षेत्र में ब्लॉक के कारण कानपुर से आगे मार्ग रहेगा परिवर्तित
कोटा। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेल प्रशासन ने गाड़ी संख्या 09451/09452 गांधीधाम–भागलपुर–गांधीधाम स्पेशल ट्रेन की संचालन अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया है। यह विशेष गाड़ी कोटा मंडल के भवानी मंडी, कोटा जंक्शन, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, हिंडौन सिटी, बयाना जंक्शन एवं भरतपुर जंक्शन स्टेशनों से होकर संचालित होती है, जिससे मंडल के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि गाड़ी संख्या 09451 गांधीधाम–भागलपुर स्पेशल प्रत्येक शुक्रवार को संचालित होती है। इसकी अवधि बढ़ाकर 3 से 31 जुलाई तक कर दी गई है। इस अवधि में यह गाड़ी 03, 10, 17, 24 एवं 31 जुलाई 2026 को कुल 5 अतिरिक्त फेरे लगाएगी।
कोटा मंडल में यह गाड़ी भवानी मंडी (08:18/08:20 बजे), कोटा जंक्शन (09:35/09:45 बजे), सवाई माधोपुर (10:55/11:00 बजे), गंगापुर सिटी (11:55/12:00 बजे), हिंडौन सिटी (12:28/12:30 बजे), बयाना जंक्शन (12:58/13:00 बजे) तथा भरतपुर जंक्शन (14:15/14:20 बजे) पर ठहरेगी।
इसी प्रकार गाड़ी संख्या 09452 भागलपुर–गांधीधाम स्पेशल की अवधि बढ़ाकर दिनांक 06.07.2026 से 03.08.2026 तक कर दी गई है। इस दौरान यह गाड़ी 06, 13, 20 एवं 27 जुलाई तथा 3 अगस्त 2026 को कुल 5 अतिरिक्त फेरे लगाएगी।
कोटा मंडल में यह गाड़ी भरतपुर जंक्शन (10:50/10:52 बजे), बयाना जंक्शन (11:25/11:27 बजे), हिंडौन सिटी (11:50/11:52 बजे), गंगापुर सिटी (12:30/12:35 बजे), सवाई माधोपुर (13:20/13:25 बजे), कोटा जंक्शन (14:50/15:00 बजे) तथा भवानी मंडी (16:13/16:15 बजे) पर ठहरेगी।
श्री जैन ने बताया कि उत्तर रेलवे के लखनऊ स्टेशन पर रेल भूमि विकास प्राधिकरण (आरएलडीए) द्वारा किए जा रहे ब्लॉक कार्य के कारण यह गाड़ी कानपुर सेंट्रल से आगे अपने निर्धारित मार्ग की बजाय परिवर्तित मार्ग वाया कानपुर–फतेहपुर–प्रयागराज–ज्ञानपुर रोड–वाराणसी–औंरिहार–गाजीपुर सिटी–छपरा–हाजीपुर होकर संचालित की जाएगी।
जयपुर–पुणे एक्सप्रेस के संचालन में आंशिक बदलाव
सेंट्रल रेलवे के पुणे मंडल के पुणे–लोनावला रेलखंड में तकनीकी कार्य एवं पावर ब्लॉक के कारण रेल प्रशासन द्वारा कोटा मंडल से होकर संचालित होने वाली जयपुर–पुणे–जयपुर एक्सप्रेस के परिचालन में आंशिक परिवर्तन किया गया है। 4 जुलाई को जयपुर से प्रस्थान करने वाली गाड़ी संख्या 12940 जयपुर–पुणे एक्सप्रेस अपने निर्धारित गंतव्य पुणे स्टेशन के स्थान पर खड़की स्टेशन तक ही संचालित होगी तथा वहीं यात्रा समाप्त करेगी। इसी प्रकार 5 जुलाई को गाड़ी संख्या 12939 पुणे–जयपुर एक्सप्रेस पुणे स्टेशन के स्थान पर खड़की स्टेशन से सायं 17:35 बजे जयपुर के लिए प्रस्थान करेगी।

