बारां। राजस्थान के शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। मदन दिलावर ने राहुल गांधी की धार्मिक पहचान, हिंदुत्व और बयानों को लेकर कटाक्ष किया।
बारां जिले के कोसला गांव में आयोजित सभा में दिलावर ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी मां ईसाई हैं, पिता मुसलमान हैं और बेटा खुद को ब्राह्मण बताता है। उन्होंने राहुल गांधी के गोत्र को लेकर भी टिप्पणी की और उनके हिंदू होने के दावे पर सवाल उठाए।
मंत्री मदन दिलावर ने सभा में कहा, ‘कमाल के हिंदू हैं राहुल गांधी। ब्राह्मण भी कौन से दत्तात्रेय गोत्र के हैं। कोट के ऊपर जनेऊ पहनते हैं और चमड़े के जूते पहनकर यज्ञ करते हैं।’ दिलावर यहीं नहीं रुके।
उन्होंने राहुल गांधी के आलू से सोना बनाने वाले बयान का जिक्र करते हुए तंज कसा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी गजब के विद्वान हैं। उन्होंने ऐसी मशीन बना ली है, जिसमें एक तरफ से आलू डालो तो दूसरी तरफ से सोना बनकर निकलता है। इसके बावजूद कांग्रेसी उन्हें प्रधानमंत्री बनाने का सपना देख रहे हैं।
वोट बीजेपी को ही देना
सभा में मौजूद ग्रामीणों से मंत्री मदन दिलावर ने चुनाव में कांग्रेस को वोट नहीं देने की अपील की। उन्होंने कहा कि अगर किसी को मदन दिलावर से नाराजगी है तो वह उन पर पत्थर मार सकता है, लेकिन मतदान के समय कमल के फूल का बटन दबाकर बीजेपी को ही वोट दे। दिलावर ने कहा कि कमल के फूल पर दिया गया वोट सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक पहुंचेगा। इससे देश मजबूत होगा और राष्ट्रभक्त सरकार को मजबूती मिलेगी।

