कोटा में होंगे तीन बड़े आयोजन एक साथ, व्यापार, पर्यटन एवं निवेश को मिलेगा बढ़ावा

0
90
टेन्ट-डेकोर, अनंत ऊर्जा सोलर-ईवी एक्सपो रणोत्सव में देशभर के हजारों लोग पहुंचेंगे कोटा

कोटा। सितंबर माह का पहला सप्ताह कोटा और हाड़ौती के लिए खास रहने वाला है। 5 से 8 सितंबर के दौरान कोटा में टेन्ट एवं डेकोर, सोलर-ईवी तथा बाइकिंग और एडवेंचर पर्यटन से जुड़े तीन बड़े राष्ट्रीय स्तर के आयोजन होने जा रहे हैं।

दशहरा मैदान, सी.ए.डी. सर्किल, कोटा में राजस्थान टेंट डीलर्स किराया व्यवसायी समिति, हाड़ौती टेंट डीलर्स समिति एवं कोटा टेंट डीलर्स समिति के संयुक्त तत्वावधान में 16वां प्रांतीय टेन्ट एंड डेकोर एक्सपो– 2026 एवं महाअधिवेशन आयोजित किया जाएगा।

प्रदेश अध्यक्ष रास बिहारी शर्मा ने बुधवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि लगभग 24 वर्षों बाद राजस्थान के टेंट व्यवसायियों का यह महाअधिवेशन पुनः कोटा में हो रहा है। देशभर से लगभग 12 से 15 हजार टेन्ट एवं इवेंट व्यवसायियों के आने की संभावना है।

एक्सपो में टेन्ट, डेकोरेशन, लाइटिंग, कैटरिंग, फर्नीचर, होटल, हैंडीक्राफ्ट, साउंड, जनरेटर, आर्टिफिशियल फ्लावर, क्रॉकरी एवं वेडिंग प्लानर सहित इवेंट और वेडिंग इंडस्ट्री की 300 से अधिक विभिन्न कंपनियां अपने उत्पादों एवं सेवाओं का प्रदर्शन करेंगी। साथ ही महा अधिवेशन से कोटा को भविष्य में डेस्टिनेशन वेडिंग हब के रूप में विकसित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण सहयोग मिलेगा।

हाड़ौती पर्यटन को मिलेगा राष्ट्रीय मंच
कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव एवं होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने बताया कि आयोजन स्थल पर हाड़ौती पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विशेष विशाल पांडाल तैयार किया जा रहा है। इसमें हाड़ौती के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक पर्यटन स्थलों को एलईडी स्क्रीन एवं आकर्षक चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। देशभर से आने वाले व्यवसायियों एवं प्रतिभागियों को हाड़ौती के पर्यटन स्थलों की जानकारी दी जाएगी तथा उन्हें कोटा एवं हाड़ौती के पर्यटन स्थलों का भ्रमण भी करवाया जाएगा, जिससे वे अपने-अपने क्षेत्रों में हाड़ौती पर्यटन का प्रचार कर सकें। माहेश्वरी ने कहा कि सोलर एवं ईवी सेक्टर आने वाले समय में व्यापार और रोजगार के प्रमुख क्षेत्रों में शामिल होंगे। उन्होंने व्यापारियों एवं व्यापारिक संगठनों से एक्सपो में अधिक से अधिक लोगों को लाने का आव्हान किया

भव्य जर्मन डोम एवं आकर्षक सजावट
16वें महाअधिवेशन के संयोजक दीपक सिंघल एवं सलाहकार राजेंद्र सिंह राजावत ने बताया कि आयोजन स्थल पर वातानुकूलित भव्य जर्मन डोम तैयार किए जा चुके हैं। दिल्ली एवं जयपुर से आई इवेंट कंपनियों की टीमें आयोजन स्थल की विशेष साज-सज्जा एवं डेकोरेशन में जुटी हुई हैं। बाहर से आने वाले अतिथियों एवं प्रतिभागियों के लिए आवास, परिवहन, भोजन एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की विशेष व्यवस्था की गई है। इस आयोजन में करीब 300 से अधिक देशभर से टेन्ट इवेन्ट कंपनियों की स्टाले लगेगी जिन्होंने कोटा आकर अपना कार्य शुरू कर दिया है

सभी व्यवस्थाओं को दिया अंतिम रूप
कोटा टेंट डीलर्स समिति के अध्यक्ष सौरभ पोरवाल, महामंत्री गुरमीत सिंह सन्नी, उपाध्यक्ष रईस भाई, कोषाध्यक्ष मोहरमन सिंह एवं संगठन मंत्री सुरेश चित्तौड़ा ने बताया कि आयोजन स्थल पर मंच, पंडाल, सजावट, अतिथि स्वागत, भोजन, आवास, पार्किंग, यातायात, सुरक्षा एवं विद्युत व्यवस्था सहित सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा चुका है। कोटा व्यापार महासंघ में महासचिव अशोक माहेश्वरी ने बताया कि उद्घाटन समारोह 6 सितम्बर को सायं 5 बजे आयोजित किया जाएगा। उद्घाटन समारोह में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। महा अधिवेशन मे हाड़ौती एवं राजस्थान की संस्कृति, कला एवं परंपरा की विशेष झलक यहा के सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से देखने को मिलेगी।

व्यापार विस्तार और नई तकनीक का बनेगा मंच
आयोजकों ने बताया कि यह महा अधिवेशन व्यापार विस्तार, नई तकनीक, नवाचार, उत्पाद प्रदर्शन, अनुभव साझा करने और राष्ट्रीय स्तर पर नेटवर्किंग का महत्वपूर्ण मंच साबित होगा। इससे राजस्थान एवं हाड़ौती के टेंट, इवेंट एवं वेडिंग व्यवसाय को नई दिशा और नई पहचान मिलेगी।

अनंत ऊर्जा सोलर एवं ईवी एक्सपो में 100 से अधिक स्टॉल
इसी दौरान 6, 7 एवं 8 सितंबर को दशहरा मैदान में ‘अनंत ऊर्जा सोलर एवं ईवी एक्सपो–2026’ का आयोजन टीपीएन सॉल्यूशन एवं हाड़ौती सोलर पावर सोसायटी द्वारा किया जाएगा। टीपीएन सॉल्यूशन के जितेन्द्र गोयल ने पत्रकारों को बताया कि एक्सपो में 100 से अधिक कंपनियां एवं स्टॉल शामिल होंगे तथा करीब 25 हजार विजिटर्स के पहुंचने की संभावना है। हाड़ौती में सोलर उद्योग के क्षेत्र में करीब ₹2,000 करोड़ के कारोबार की संभावनाएं मौजूद हैं।

देशभर के बाइकर्स को आकर्षित करेगा रणोत्सव
5 से 7 सितंबर तक मेनाल रेजीडेंसी, कोटा में क्लब रोअरिंग हॉक्स एवं दौला द्वारा ‘रणोत्सव वॉल्यूम-3.0’ का आयोजन किया जाएगा। क्लब रोअरिंग हॉक्स के जितेन्द्र बेदी ने बताया कि इसमें देशभर से सैकड़ों बाइकर्स, राइडिंग क्लब, ट्रैवल क्रिएटर्स एवं मोटरसाइकिल प्रेमी शामिल होंगे। प्रतिभागी चंबल रिवर फ्रंट, रावतभाटा, पाड़ाझर वाटरफॉल एवं गड़रिया महादेव सहित हाड़ौती के प्रमुख पर्यटन स्थलों की राइड करेंगे।