कोटा। रेल मंडल से सफर करने वाले यात्रियों को बड़ी सौगात मिलने जा रही है। कोटा रेल मंडल में जल्द ही दो अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की सुविधा शुरू होगी। इसके बाद यात्रियों को महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश जाने में काफी सुविधा मिलेगी।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, गोरखपुर से मुंबई के बीच चलने वाली साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन को अमृत भारत एक्सप्रेस के रूप में नियमित चलाने का निर्णय लिया गया है। इसी तरह प्रयागराज से सूरत के बीच चलने वाली स्पेशल ट्रेन को भी साप्ताहिक अमृत भारत एक्सप्रेस के रूप में चलाया जाएगा।
हालांकि, अभी इन दोनों ट्रेनों को कब से चलाया जाएगा, इसकी घोषणा नहीं हुई है। रेलवे बोर्ड ने दोनों ट्रेनों को अमृत भारत साप्ताहिक एक्सप्रेस के रूप में चलाने की अनुमति दे दी है।
दोनों ट्रेनों के नंबर में किया गया बदलाव
उत्तर पूर्व रेलवे, गोरखपुर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि दोनों ट्रेनों के नंबर में भी परिवर्तन किया गया है। पहले गोरखपुर से बांद्रा के बीच चलने वाली स्पेशल ट्रेन का नंबर 05053 था, जिसे अब 15085 कर दिया गया है। इसी तरह बांद्रा से गोरखपुर के बीच चलने वाली ट्रेन का नंबर 05054 था, जिसे अब 15086 कर दिया गया है। वहीं, दूसरी ट्रेन प्रयागराज से उधना के बीच चलने वाली स्पेशल ट्रेन का नंबर बदलकर 20437 किया गया है। वापसी में यह ट्रेन उधना से प्रयागराज के बीच 20438 नंबर से अमृत भारत एक्सप्रेस के रूप में चलेगी।
गोरखपुर-बांद्रा ट्रेन का कोटा में होगा ठहराव
ट्रेन नंबर 15085 गोरखपुर से सुबह 7:50 बजे रवाना होगी और रात 1:10 बजे कोटा पहुंचेगी। अगले दिन शाम 6 बजे यह ट्रेन बांद्रा टर्मिनस पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 15086 हर शनिवार रात 9:20 बजे बांद्रा टर्मिनस से रवाना होगी। इसके बाद रविवार सुबह 10:22 बजे कोटा पहुंचेगी और सोमवार सुबह 6:45 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।

