कोटा पुलिस स्थानीय अभिभावक के रूप में हर स्टूडेंट के साथः एसपी तेजस्वनी गौतम

0
8

एलन कॅरियर में शहर पुलिस अधीक्षक ने अनुभूति सेशन में छात्राओं को दिए टिप्स

कोटा। कॅरियर बनाने के लिए कोटा आने वाले स्टूडेंट्स की सुरक्षा को लेकर कोटा पुलिस और प्रशासन सतर्क है। शहर में रहने वाली छात्राओं का सम्बल बढ़ाने के लिए शहर पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम द्वारा लगातार सेशन्स लिए जा रहे हैं। इसके तहत एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट में सेशन आयोजित किए गए। इसमें छात्राओं को सुरक्षा एवं स्वास्थ्य संबंधित टिप्स दिए गए।

एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट के इन्द्रविहार स्थित समर्थ कैम्पस में आयोजित इन सेशन्स में कोटा शहर पुलिस अधीक्षक तेजस्विनि गौतम ने छात्राओं को कहा कि आप लोग यहां अपने सपनों को साकार करने आए हैं। आप सिर्फ पढ़ाई कीजिए और आपकी सुरक्षा एवं अन्य समस्याओं की जिम्मेदारी कोटा पुलिस एवं प्रशासन की है। स्थानीय अभिभावक के रूप में कोटा पुलिस हमेशा आपके साथ है।

एसपी गौतम ने बताया कि कोटा में स्टूडेंट्स सुरक्षा को लेकर पुलिस और प्रशासन लगातार नए प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि देश के छात्रों को तत्काल सुरक्षा सहायता मिल सके। उन्होनें के-एसओएस एप के बारे में स्टूडेंट्स को जानकारी देते हुए बताया कि कोटा में पढ़ने वाले हजारों छात्र इस एप को डाउनलोड कर चुके हैं।

किसी भी समस्या या परेशानी होने पर जब कोचिंग छात्र इस एप में पैनिक बटन का उपयोग करेंगे तो तुरंत कंट्रोल रूम को सूचना मिल जाएगी। एप पर स्टॉप बटन का उपयोग करते ही एप पर दी गई सभी जानकारी डिलीट हो जाएगी। उसके बाद उसकी लाइव लोकेशन के आधार पर नजदीकी पुलिस टीम तुरंत वहां पहुंच जाएगी।

चुुप नहीं रहें, जोर से बोलें
एसपी गौतम ने कहा कि छेड़खानी जैसी कोई भी घटना होती है, तब पीड़ित सामान्यतया अकेला होता है। कई बार पीड़ित व्यक्ति घटना के समय इतना डर जाता है कि कोई जवाब नहीं दे पाता। आप लोगों को मन से मजबूत होना पड़ेगा। यदि ऐसा कुछ होता है तो तेज आवाज में बोलिए, 99 प्रतिशत मामलों में आरोपित मौके से भाग जाएगा। उन्होंने बताया कि कोटा पुलिस की कालिका पेट्रोलिंग यूनिट महिलाओं और कोचिंग छात्राओं की सुरक्षा के लिए विशेष रूप से तैनात महिला पुलिस टीम है। ये टीम सादे कपड़ों और वर्दी में काली स्कूटी पर शहर के संवेदनशील इलाकों, कोचिंग सेंटरों, स्कूलों और बाजारों में 24 घंटे गश्त करती है। इस यूनिट का मुख्य उद्देश्य छेड़छाड़ और चेन स्नेचिंग जैसे अपराधों पर लगाम लगाना है।