कलश यात्रा से होगा आज श्रीराम कथा का शुभारंभ, बहेगी भक्ति की बयार

0
303

कोटा में व्यासपीठ से 11 जगह होगी श्रीराम कथा

कोटा। राष्ट्रीय मेला दशहरा 2022 के अंतर्गत निगम क्षेत्र के विभिन्न 11 स्थानों पर श्रीराम कथाएँ आयोजित होगी। मेला समिति अध्यक्ष मंजू मेहरा ने बताया कि नगर निगम के सहयोग से निगम क्षेत्र में 11 स्थानों पर श्रीराम कथा का व्यासपीठ से वाचन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि संबंधित क्षेत्र के वार्ड पार्षद ही इस आयोजन में भागीदारी निभाएंगे और मॉनिटरिंग करेंगे। कथा के प्रथम दिन विभिन्न क्षेत्रों में कलश यात्राएं निकाली जाएंगी।

पार्षद और मेला समिति सदस्य अनूप कुमार अन्नू ने बताया कि रामानंद आश्रम पर प्रतिदिन 1 से 5 बजे तक पं आचार्य जगदीश वेदी रामकथा करेंगे। सोमवार को सुबह 9 बजे शीतला माता मंदिर से कलश यात्रा निकाली जाएगी।

मानपुरा जगन्नाथपुरा में प्रतिदिन 12 बजे से पं अनिल दीक्षित द्वारा कथा का वाचन किया जाएगा। प्रातः 10 बजे कलश यात्रा रवाना होगी। दुर्गा माता मंदिर चौपडा फार्म में पं महेश शर्मा, डडवाडा पर पं महेश शर्मा प्रतिदिन 1 बजे से श्रीराम कथा करेंगे। यहाँ प्रातः 10 बजे चौपडा फार्म से कलश यात्रा निकलेगी।

रणबंका चौराहा युआईटी ग्राउंड पर पं ओमप्रकाश पांडेय प्रतिदिन 2 बजे से श्रीराम कथा करेंगे। यहाँ 10.30 बजे नया गाँव चौराहे से कलश यात्रा रवाना होगी। केशवपुरा में प्रतिदिन 3 बजे से कथा होगी। जिसमें पं गौरव कृष्ण तिवारी श्रीराम का गुणगान करेंगे। सोमवार को कलश यात्रा निकाली जाएगी।

मंशापूर्ण बालाजी मंदिर शिवपुरा पर पं कृष्णकांत पाराशर प्रतिदिन 12 बजे श्रीराम कथा करेंगे। प्रातः 10 बजे भितरिया कुंड से कलश यात्रा निकलेगी। रंगबाडी में दोपहर 12 बजे से पं गौरव कृष्ण तिवारी राम कथा करेंगे। सोमवार को सुबह 9 बजे सुदामा पार्क से शोभायात्रा के साथ कथा प्रारंभ होगी।

ओंकारेश्वर महादेव मंदिर विवेकानंद नगर में पं रामावतार शर्मा शास्त्री कथा करेंगे। वहीं कृष्ण चंद मंदिर पुलिस चौकी वार्ड 59 तथा वीर हनुमान मंदिर रामचंद्रपुरा छावनी में पं मनोज शर्मा कथा करेंगे। सत्येश्वर महादेव मंदिर जय हिंद नगर में बालिका संत राधिका किशोरी प्रतिदिन 2 बजे से कथा वाचन करेंगी। यहाँ सुबह 10 बजे मॉडर्न स्कूल से कलश यात्रा रवाना होगी।

7 स्थानों पर होगा रामलीला का मंचन: नगर निगम कोटा उत्तर और दक्षिण के क्षेत्र में राष्ट्रीय मेला दशहरा 2022 के उद्घाटन के साथ ही शहर भर में 7 स्थानों पर निगम के सहयोग से रामलीला का मंचन किया जाएगा। श्रीराम रंगमंच पर सोमवार रात्रि 9.30 बजे अतिथियों के द्वारा रामलीला मंचन का शुभारंभ किया जाएगा। जिसमें राघवेंद्र कला संस्थान के द्वारा रामलीला मंचित होगी। इसके अलावा स्टेशन क्षेत्र में शिव मंडल विकास समिति के द्वारा शिव मंदिर रेलवे कॉलोनी में रामलीला का मंचन किया जाएगा। श्री देवनारायण योजना में भी वहां के बाशिंदों के लिए रामलीला आयोजित होगी। वहीं केशवपुरा में मनोरथ कला संस्थान के द्वारा श्रीराम जानकी मंदिर पर, नदीपार क्षेत्र में बीड के बालाजी मंदिर पर श्री राम कला संस्थान के द्वारा रामलीला का मंचन होगा। आरकेपुरम में आदर्श नवयुवक रामलीला समिति रामलीला मैदान पार्क में मंचन करेगी। जबकि ग्राम दसलाना में दसलाना रामलीला आयोजन समिति के द्वारा मंचन कराया जाएगा।