कर्मचारी विरोधी नीतियों के खिलाफ सेंट्रल बैंक में हड़ताल रही, कल भी रहेगी हड़ताल

0
243

कोटा। ऑल इंडिया सेंट्रल बैंक एम्प्लाईज फेडरेशन (एआईबीईए से संबद्ध) एवं अन्य अवार्ड स्टाफ की यूनियंस ने सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के उच्च प्रबंधन की ट्रेड यूनियन कर्मचारी विरोधी नीतियों तथा उनके अड़ियल रवैया के खिलाफ 20 सितंबर को सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में राष्ट्रव्यापी हड़ताल की घोषणा की है। बैंक में सोमवार को भी हड़ताल रहने से कामकाज प्रभवित हुआ।

उल्लेखनीय हैं कि बैंक प्रबंधन ने अप्रैल माह में 3000 से भी अधिक कर्मचारियों के द्विपक्षीय समझौते एवं अन्य बैंक स्तर पर हुए समझौतों का उल्लंघन करते हुए स्थानांतरण कर दिए। जिसके विरोध में ऑल इंडिया सेंट्रल बैंक एम्पलाइज फेडरेशन ने उप मुख्य श्रम आयुक्त मुंबई के समक्ष वाद दायर किया गया था। इस पर औद्योगिक विवाद अधिनियम के तहत प्रबंधन को यथास्थिति रखते हुए यूनियन से वार्ता करने के आदेश पारित किए।

प्रबंधन के अड़ियलपूर्ण रवैया के मद्देनजर एआईबीए, बेफी, एनसीबीई व एनओबीडब्ल्यू ने मिलकर 30-31 मई की हड़ताल का आह्वान किया। इस पर उप मुख्य श्रम आयुक्त मुंबई ने दोनों पक्षों के बीच वार्ता करा कर तथा आपसी सहमति के बाद हड़ताल को वापस करा दिया। परंतु प्रबंधन ने प्रदेश के क्षेत्रीय कार्यालय को स्थानांतरण मे संशोधन अथवा निरस्त करने के आदेश नहीं दिए। जिसके चलते सभी संगठनों ने सेंट्रल बैंक में पुनः हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया है ।

ऑल इंडिया बैंक एम्प्लॉयज एसोसिएशन के दिशा निर्देशों की पालना करते हुए राजस्थान प्रदेश बैंक एम्प्लायज यूनियन ने इस हड़ताल को नैतिक समर्थन प्रदान किया है। समस्त बैंक वाइज संगठनों/ जिला इकाईयों/ सदस्यों को आह्वान किया है कि वे स्थानीय स्तर ऑल इंडिया सेंट्रल बैंक एम्प्लायज फेडरेशन/ सेंट्रल बैंक कर्मचारी यूनियन राजस्थान के साथ अन्य अवार्ड स्टाफ यूनियंस द्वारा आयोजित हड़तालों से संबंधित आंदोलनात्मक कार्यक्रमों में शामिल होकर सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के हड़ताली साथियों के प्रति एकजुटता का इज़हार करें।

प्रदर्शन को सेंट्रल बेंक ऑफ़ इण्डिया कर्मचारी यूनियन, के महासचिव डीएस साहू, अशोक ढल, पदम पाटोदी, ललित गुप्ता, हेमराज सिंह गौड़, आरबी मालव, अनिल ऐरन, देवेन्द्र सिंह, आरके साहू, संदीप अरविंद ने संबोधित किया ।

सेंट्रल बेंक ऑफ़ इण्डिया कर्मचारी यूनियन राजस्थान के महासचिव डीएस साहू ने 20 सितम्बर को सुबह 10 बजे सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया गोरधन पुरा सर्किल कोटा पर अधिक से अधिक साथी पंहुच कर प्रदर्शन को सफल बनाने की अपील की है।