ऐक्ट्रेस शबाना आजमी सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल

610

मुंबई।बॉलिवुड की वेटरन ऐक्ट्रेस शबाना आजमी मुंबई-पुणे एक्सप्रेस-वे पर सड़क दुर्घटना में घायल हो गई हैं। शबाना की कार की टक्कर ट्रक से हो गई। दुर्घटना में अभिनेत्री बुरी तरह घायल हो गईं। घटना के बाद उन्हें तुरंत पनवेल के एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया। कार में शबाना आजमी के साथ पति जावेद अख्‍तर भी सवार थे। हालांकि, उन्‍हें कोई चोट नहीं आई है।

शबाना आजमी के ड्राइवर को भी चोट आई है। यह दुर्घटना उस समय हुई, जब शबाना आजमी और जावेद अख्तर पुणे से मुंबई जा रहे थे। रायगढ़ के पुलिस अधीक्षक अनिल पारास्कर ने बताया कि दुर्घटना मुंबई से कभी 60 किलोमीटर दूर खालापुर के पास दोपहर करीब साढ़े तीन बजे हुई। उनकी कार एक ट्रक से टकरा गई। एएनआई के मुताबिक, दुर्घटना में एक अन्य अज्ञात महिला के गंभीर रूप से घायल होने की खबर है।

ऐक्ट्रेस की कार का एक्सिडेंट इतना भंयकर था कि कार की आगे के हिस्से के परखच्चे उड़ गए। यहां तक कि ट्रक में भी डैमेज हुआ है। वहीं, जावेद अख्तर अस्पताल के बाहर नजर आए।

हाल ही में जावेद अख्तर ने मनाया जन्मदिन
बता दें कि बॉलिवुड के मशहूर गीतकार और शायर जावेद अख्तर ने शुक्रवार को अपना 75वां जन्मदिन मनाया। बांद्रा में जावेद अख्तर के बर्थडे की शानदार पार्टी दी गई। इस पार्टी में बॉलिवुड की जानी-मानी हस्तियों ने ग्लैमरस अंदाज में शिरकत की।

अपने घर पर बॉलिवुड थीम पार्टी रखने के बाद बांद्रा में जावेद अख्तर के बर्थडे की शानदार पार्टी दी गई थी। बॉलिवुड के मशहूर गीतकार और शायर जावेद अख्तर के जन्मदिन को 3 दिनों तक सेलिब्रेट करने का प्लान बनाया गया था।