कोटा। एसएसआई एसोसियेशन के वर्ष 2026-27 के नवनिर्वाचित गवर्निंग बोर्ड का भव्य ‘इंस्टालेशन सेरेमनी’ बूंदी रोड स्थित एकरिसॉर्ट में संपन्न हुई। जिसमें संगठन की एकता के साथ कोटा के औद्योगिक परिदृश्य में सहयोग और विकास पर विस्तार से चर्चा हुई। कार्यक्रम में कोटा के औद्योगिक जगत से जुड़े 1000 से अधिक उद्यमी और गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
समारोह के मुख्य अतिथि डीसीएम श्रीराम कोटा के कार्यकारी निदेशक विनू मेहता थे। नवनिर्वाचित टीम को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाने के उपरांत अपने संबोधन में मेहता ने सूक्ष्म एवं लघु उद्योगों को बड़े उद्योगों की रीढ़ बताया। उन्होंने एसएसआई सदस्यों को डीसीएम श्रीराम में ‘इंडस्ट्रियल विजिट’ के लिए आमंत्रित करते हुए कहा कि बड़े उद्योगों और एमएसएमई के बीच बेहतर तालमेल के लिए वेंडर डेवलपमेंट प्रोग्राम समय की मांग है। इससे न केवल गुणवत्ता में सुधार होगा, बल्कि स्थानीय आपूर्ति श्रृंखला भी सशक्त होगी।
संस्था के फाउंडर प्रेसिडेंट गोविंद राम मित्तल ने राज्य सरकार की नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान में एमएसएमई सेक्टर के लिए नई योजनाएं निवेश के द्वार खोल रही हैं। इसी विजन को आगे बढ़ाते हुए नवनियुक्त अध्यक्ष दीपक मेहता ने अपने स्वीकृति भाषण में आगामी कार्यकाल की प्राथमिकताओं को रेखांकित किया। ‘
संस्था के सचिव समीर सूद ने पूर्व अध्यक्षों के मार्गदर्शन की महत्ता बताई, तो वहीं कोषाध्यक्ष राहुल जैन ने जानकारी दी कि संस्था की सक्रियता को देखते हुए 100 से अधिक नए सदस्यता आवेदन प्राप्त हुए हैं। प्रोजेक्ट चेयरमैन कपिल जैन ने शहर से दूर होने के बावजूद भारी संख्या में सदस्यों की उपस्थिति को आयोजन की सफलता का पैमाना बताया।
अंत में प्रेस समन्वयक संजय गोयल ने भविष्य की बड़ी योजना का खुलासा करते हुए बताया कि अगले माह कोटा, बूंदी, बारां और झालावाड़ के एमएसएमई के लिए एक विशाल बिजनेस कॉन्क्लेव आयोजित किया जाएगा।

