शहर के प्रबुद्धजन और प्रोफेशनल्स अपनी गायकी से बहाएंगे सुरों की गंगा
कोटा। Kota Dussehra 2026: सांस्कृतिक धरोहर और लोक परंपराओं के प्रतीक राष्ट्रीय दशहरा मेला 2026 में सोमवार का दिन संगीत अनुरागियों और शहरवासियों के लिए बेहद खास रहने वाला है। मेले के भव्य मंच विजयश्री रंगमंच पर रात्रि 8:30 बजे से ‘एक शाम पुराने गीतों के नाम’ सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
कोटा नगर निगम की महापौर अनुसूईया गोस्वामी ने बताया कि यह शाम भारतीय सिनेमा और संगीत के स्वर्ण युग को समर्पित होगी। इसमें शहर के प्रतिष्ठित व प्रबुद्धजन तथा विभिन्न पेशों डॉक्टर्स, इंजीनियर्स, प्रशासनिक अधिकारी व शिक्षक आदि से जुड़े प्रतिभाशाली लोग अपने सुरीले कंठ से सदाबहार और कालजयी हिंदी गीतों की प्रस्तुति देंगे। स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने और शहरवासियों को पुरानी स्मृतियों से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित यह कार्यक्रम संगीत प्रेमियों के लिए भी अद्भुत सौगात साबित होगा।
हत्था माला प्रतियोगिता से होगा पारंपरिक आयोजन
महापौर अनुसूईया गोस्वामी ने आगे बताया कि मुख्य सांस्कृतिक संध्या से पूर्व, शाम 7:00 बजे विजयश्री रंगमंच के पास स्थित मैदान में पारंपारिक ‘हत्था माला प्रतियोगिता’ का आयोजन किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में पहलवान और प्रतियोगी अपनी पारंपरिक कला एवं हुनर का प्रदर्शन करेंगे।

