ऊर्जा मंत्री का सांगोद को आदर्श नगर पालिका के रूप में विकसित करने का संकल्प

0
2

सांगोद में भाजपा चुनाव कार्यालय का उद्घाटन, ऊर्जा मंत्री नागर ने गिनाए विकास कार्य

​कोटा। सांगोद नगर निकाय चुनाव के संदर्भ में भारतीय जनता पार्टी के गतिविधियों के संचालन के लिए भाजपा के मुख्य चुनाव कार्यालय का भव्य उद्घाटन किया गया।

कोटा रोड स्थित मालियों की धर्मशाला में आयोजित इस कार्यक्रम में ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और चुनाव कार्यालय का उद्घाटन संपन्न किया।

इस अवसर पर सांगोद मण्डल अध्यक्ष चन्द्रप्रकाश सोनी, चुनाव प्रभारी व किशनगंज विधायक ललित मीणा तथा चुनाव प्रभारी ललित शर्मा सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी व बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने पिछले ढाई वर्षों में क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का विस्तृत ब्योरा दिया। उन्होंने बताया कि सांगोद नगर पालिका क्षेत्र में पेयजल, बिजली आपूर्ति, सीवरेज, सड़क निर्माण और स्वच्छता व्यवस्था से जुड़े सभी बुनियादी कार्यों में अभूतपूर्व प्रगति हुई है।

क्षेत्र में बेहतर सड़क कनेक्टिविटी सुनिश्चित की गई है तथा प्राकृतिक आपदाओं व बाढ़ से बचाव के लिए डायवर्सन चैनल का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इसके साथ ही क्षेत्र के पर्यावरण संरक्षण हेतु अटल वन का विकास भी तीव्र गति से कराया जा रहा है।

मंत्री नागर ने क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास पर जोर देते हुए कहा कि किसानों और व्यापारियों की सुविधा के लिए सांगोद में मंडी बनकर तैयार हो चुकी है। जबकि परवन सिंचाई परियोजना के माध्यम से जल्द ही खेतों को सिंचाई का पानी मिलने लगेगा।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश सरकार से क्षेत्र के विकास के लिए जो भी मांग रखी गई, उसे सहर्ष स्वीकृत किया गया है और आज वे सभी योजनाएं धरातल पर साकार हो रही हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे विकास के इस एजेंडे को लेकर घर-घर जाएं और जनता से समर्थन मांगें।

​ऊर्जा मंत्री ने सांगोद को एक आदर्श नगर पालिका के रूप में विकसित करने का संकल्प दोहराया। उन्होंने संगठन की मजबूती और एकजुटता पर बल देते हुए कहा कि चुनाव में टिकट केवल एक व्यक्ति को मिलता है, लेकिन प्रत्येक कार्यकर्ता को उस एक प्रत्याशी को ही ‘कमल का फूल’ मानकर पूरी निष्ठा के साथ विजय सुनिश्चित करने में जुट जाना चाहिए। उद्घाटन के पश्चात पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर जनसंपर्क अभियान की शुरुआत की।