आर्थिक सहयोग समाज का ऋण है, सक्षम बनकर वापस लौटाना है

53

अग्रसेन शिक्षण ट्रस्ट का स्थापना दिवस: 7 लाभार्थियों को सौंपे 2.52 लाख के चैक

कोटा। अग्रसेन शिक्षण ट्रस्ट का स्थापना दिवस समारोह रविवार को अग्रवाल सेवा सदन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि व्यवसायी सुरेशचंद बंसल थे। वहीं अध्यक्षता ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. महेंद्र कुमार गर्ग ने की।

समारोह के विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ समाजसेवी व व्यवसायी मदन मोहन गुप्ता तथा कैलाशचंद सर्राफ रहे। इस दौरान 7 लाभार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए 2 लाख 52 हजार के चेक सौंपे गए। समारोह के दौरान प्रेरणा पाकर 5 अन्य भामाशाहों ने भी 21 लाख 41 हजार की आर्थिक सहायता ट्रस्ट के फंड में समर्पित की।

समारोह में अध्यक्ष महेंद्र गर्ग ने कहा कि ट्रस्ट का गठन महाराजा अग्रसेन के 1 रुपया, एक ईंट के सिद्धांत से प्रेरित होकर ही किया गया है। समाज के संपन्न लोग मदद करने के लिए पात्र जरुरतमंद को तलाशते रहते हैं। जबकि ऐसे बहुत से लोग हैं, जिन्हें आर्थिक सहायता की जरूरत है। ऐसे लोगों के लिए ट्रस्ट उचित माध्यम बन रहा है। इससे समाज में बढ़ रही आर्थिक असमानता को दूर कर समरसता स्थापित करने में मदद मिलेगी। एक परिवार के किसी बच्चे को पढ़ाने पर तीन पीढियां सुधर सकती हैं।

मुख्य अतिथि सुरेशचंद बंसल ने कहा कि अग्रवाल समाज पर माता लक्ष्मी की विशेष कृपा है। हमने जो लक्ष्य तय किए हैं, उसी के अनुरूप कार्य करते रहना है। उन्होंने कहा कि समृद्धि केवल धन से नहीं आती, बल्कि शारीरिक, पारिवारिक और मानसिक रूप से भी समृद्ध होना जरूरी है। हमें ईश्वर से संपूर्ण समृद्धि की ही कामना करनी चाहिए।

कैलाशचंद सर्राफ ने कहा कि शैक्षिक उत्थान से ही सामाजिक उत्थान संभव है। समाज के बच्चे पढ़ेंगे तो समाज आगे बढ़ेगा। मदन मोहन गुप्ता ने कहा कि समाज में जिस व्यक्ति को सहायोग की आवश्यकता हो। वह निस्संकोच ट्रस्ट से संपर्क कर सके। हमें ऐसी कार्य प्रणाली विकसित करनी है। समाज का संपन्न वर्ग आगे आएगा तो समाज का कोई भी बच्चा आर्थिक कारणों से पीछे नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि यह समाज का ऋण है, कोई सहायता नहीं है। इस ऋण को सक्षम बनकर वापस लौटाना है। जो लोग अभी दे रहे हैं, वह भी समाज का ही ऋण लौटा रहे हैं।

संदीप चांदीवाला ने कहा कि यह ट्रस्ट इस प्रकार का भारत का पहला प्रकल्प है। सभी समाजों को इस दिशा में पहल करनी चाहिए। सहयोग देने वालों की कोई कमी नहीं है। यदि हम समाज के सामने विश्वसनीयता प्रस्तुत करेंगे, तो धन की कोई कमी नहीं आने वाली है।

उन्होंने बताया कि स्व. हरीश चांदीवाला की पुण्यस्मृति में 13 सितंबर को अग्रवाल सेवा सदन में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। सचिव विष्णु प्रकाश मित्तल ने संस्था के संबंध में जानकारी दी। मंच संचालन हेमराज चित्तौड़ा तथा अर्चना जैन ने किया। इस अवसर पर उपाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार गुप्ता, सहसचिव रतन अग्रवाल, कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल, त्रिलोकचंद गर्ग, देवेंद्र कुमार गर्ग, सुरज्ञान गुप्ता, सुरेश जिंदल, हुकुम मंगल, परमानंद गर्ग सहित कईं लोग उपस्थित रहे।

ऐसे होती है जरूरतमंद की पात्रता की जांच
उन्होंने बताया कि विभिन्न स्थानों पर समाज की ओर से चल रहे प्रकल्प, समाज के प्रबुद्धजन, विभिन्न आयाम, कॉलेज और अन्य स्टूडेंट्स आदि से जरूरतमंद अल्प आय वर्ग के व्यक्ति के लाभार्थी के बारे में जानकारी जुटाई जाती है। उसके बाद ही उसे सहयोग राशि के लिए पात्र माना जाता है।

प्रतिवर्ष 20 परिवारों को लाभान्वित करने की योजना
ट्रस्ट की ओर से प्रतिवर्ष 20 परिवारों के बच्चों की आर्थिक सहायता की जाएगी। जिसके लिए तकरीबन 1.20 करोड़ रुपए की जरुरत होगी। ट्रस्ट ने शुरुआत में 4 से 5 करोड़ रुपए का फंड सहयोग के लिए जुटाने का लक्ष्य तय किया है। ट्रस्ट को दी गई सहयोग राशि आयकर अधिनियम की धारा 80जी के तहत छूट प्राप्त है।