अहिंसा पदयात्रा में दिया एकजुटता का संदेश, बोले हम दिगम्बर व श्वेताम्बर नहीं, हम ‘जैन’ हैं

18

कोटा। जियो और जीने दो,अहिंसा परमो धर्म,सत्य व अहिंसा का तख्तियां लिए हजारों जैन समाज के महिला व पुरूष। महावीर के संदेश और जयकारों से गूंजता पदयात्रा मार्ग, उत्साह व उमंग के साथ महिला बैण्ड और कतारबद्ध होकर पीले वस्त्रो में महिलाएं और श्वेत वस्त्र में पुरुष। यह नजारा था तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी के जन्म कल्याणक महोत्सव के उपलक्ष्य में दिगम्बर व श्वेताम्बर जैन समाज कोटा महानगर में आयोजित अहिंसा पदयात्रा का।

पदयात्रा संयोजक विजय दुगेरिया ने बताया कि सकल जैन समाज द्वारा आयोजित सामूहिक पदयात्रा शनिवार सुबह 7 बजे घटोत्कक्ष चौराहे से रवाना हुई। सकल जैन समाज के मुख्य संयोजक जे के जैन, संयोजक रेखा हिंगड़, सकल दिगम्बर जैन समाज के अध्यक्ष विमल जैन नांता व मंत्री विनोद जैन टोरडी, रविन्द्र त्यागी, पंकज मेहता, श्वेताम्बर समाज के अध्यक्ष राकेश श्रीमाल गुणायचा व लोकेश डांगी ने हरि झण्डी दिखाकर पदयात्रा को रवाना किया।

प्रचार मंत्री मनोज जैन आदिनाथ ने बताया कि अहिंसा पदयात्रा घटोत्कच्छ से प्रारंभ होकर, महावीर नगर तृतीय चौराहा, महावीर नगर द्वितीय, तलवंडी सर्किल, जवाहर नगर होती हुई भगवान महावीर के जयकारों के साथ दानबाडी पहुंची, जहां वह सभा में परिवर्तित हो गई।

पदयात्रा में पूर्व मंत्री शांति धारीवाल, नागरिक बैंक अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिरला, भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश जैन मडिया, राजमल पाटोदी, कार्याध्यक्ष प्रकाश बज, विकास जैन अजमेरा, मनोज जैन आदिनाथ, नरेश जैन वेद, मनोज जैसवाल, अशोक पहाड़िया, प्रकाश जैन, अमित धारीवाल, बृद्धिप्रकाश,निशा जैन वेद, पारस जैन, क्रांति जैन, जितेन्द्र जैन, महावीर चण्डालिया, एमपी चतर, सुरेश चांदवाड, कपिल जैन सहित अंहिसा पदयात्रा में दिगम्बर, श्वेताम्बर, स्थानक, तेरापंथी, पोरवाल एवं तपागच्छ जैन समाज के लोग शामिल हुए।

महावीर के संदेश आज भी प्रासंगिक
मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि वर्तमान समय में भी भगवान महावीर के संदेश प्रासंगिक हैं। उन्होंने जीवन जीने की जो कला सिखाई है वह मोक्ष का मार्ग हैं। उनके उपदेश और शिक्षाओं, जैसे कि अहिंसा, सत्य, अस्तेय, ब्रह्मचर्य, और अपरिग्रह, मानवता के लिए एक आदर्श मार्गदर्शन प्रदान करते हैं। उनके द्वारा दिए गए अनमोल वचन और शुभ संदेश जीवन को सही दिशा दिखाने और समाज में सद्भावना, वैश्विक कल्याण और शांति स्थापित करने में सहायक हैं।

लोकसभा अध्यक्ष ओमबिरला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यों के बारे मे बताते हुए कहा कि मनुष्य की इच्छाशक्ति व इरादा उसके व्यवहार व कार्यों में नज़र आता है। भारत में सम्पन्न हुई जी-20 देशों की समिट के दौरान बना भोजन शाकाहारी था, जो भारत के बदलते चरित्र को दर्शाता है।

प्रशंसनीय है एकता
सकल जैन समाज के मुख्य संयोजक जेके जैन ने स्वागत भाषण में दिगम्बर व श्वेताम्बर समाज की एकता पर प्रशंसा व्यक्ति करते हुए कहा कि हमारे प्रयास सार्थक नजर आते है जब महावीर के जन्म कल्याणक पर सभी एक मंच पर नज़र आते है। उन्होंने कहा कि एकता पैदल यात्रा मात्र समाज को जोड़ने का कार्य नहीं कर रही है यह घर—घर महावीर के संदेशों को पहुंचा रही है।

संयोजक रेखा हिंगड ने कहा कि हम दिगम्बर व श्वेताम्बर नहीं हम जैन है। हमें एकता का परिचय देना है। क्योकि एकता की शक्ति से सब परिचित है। हमारी कई समस्याओं का समाधान तो एकता की ताकत से ही संभव है। उन्होंने मंच से शादी समारोह में 21 द्रव्य तक उपयोग करने व प्री-वेडिंग फोटोशूट के लिए समाज द्वारा पाबंदी लगाने की मांग की।

अहिंसा आज की आवश्यकता
पंकज मेहता ने कहा कि अहिंसा आज की आवश्यकता है। हमें विश्व कल्याण व एकता के लिए अहिंसा का मार्ग चुनना होगा। सकल दिगम्बर जैन समाज के अध्यक्ष विमल जैन नांता ने कहा कि आज समाज की एकता के लिए जुटे हर कार्यकर्ता व ग्रुप साधुवाद के पात्र हैं। महावीर के सिद्धांतों के अनुरूप हम अपने जीवन की रूपरेखा तय करनी चाहिए। मन का मैल जो धोये वह महावीर का सच्चा उपासक है।

अहिंसा मय हुई शिक्षा नगरी
जैन समाज द्वारा सामूहिक अहिंसा पदयात्रा में महिलाएं पीली साड़ी पहनकर हाथों में तख्तियों व धर्मध्वज से भगवान महावीर के संदेशों को लेकर चल रही थी। जिनके पीछे सकल जैन समाज के पुरुष वर्ग भी भगवान के जयकारों के साथ आगे बढ़ रहा था। वहीं बालिका एवं युवा मण्डल भजनों पर थिरकते हुए अहिंसा पदयात्रा मे नजर आए। पुरुष वर्गों के हाथों में धर्म ध्वजा थी, जिसे लेकर भगवान महावीर के जयकारे लगाते हुए बढ़ रहे थे। पदयात्रा के साथ भजन मंडली, डीजे साउंड था, जिसपर आध्यात्मिक पाठशाला के नन्हे मुन्ने भक्ति नृत्य करते चल रहे थे। पदयात्रा मार्ग में 108 स्वागत द्वार लगाए गए और जगह-जगह फूल मालाओं से पदयात्रा का स्वागत किया गया। पूरे मार्ग में रंगोली सजाई गई थी सड़कों के दोनों और लोग पदयात्रियों का स्वागत करते नजर आ रही थी।