अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महिला मंडल का 9 अक्टूबर से ‘शंखनाद’ कोटा में

657

त्रि-दिवसीय अधिवेशन में देश-विदेश की 1600 से अधिक महिलाएं शामिल होंगी

कोटा। अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महिला संगठन की ओर से त्रिदिवसीय महिला अधिवेशन 9 से 11 अक्टूबर तक लैंडमार्क सिटी कुन्हाडी में आयोजित किया जाएगा।

महिला संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष आशा माहेश्वरी ने गुरुवार को पत्रकार वार्ता में त्रिदिवसीय अधिवेशन के कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि बाल एवं किशोरी विकास समिति के बच्चों द्वारा अमृत महोत्सव पर देशभक्ति की प्रस्तुति किशोरियों द्वारा मनोहारी शिव-गणेश वन्दना व स्वागत नृत्य से शंखनाद समारोह का शुभारंभ होगा।

9 अक्टूबर को कर्मसारथी क्विज के माध्यम से प्रोटोकॉल व कार्यप्रणाली की जानकारी प्रदान की जाएगी। ग्राम विकास समिति द्वारा 5 G यानी गाय, गंगा, ग्राम, गीता और गोविन्द पर आधारित नृत्य नाटिका प्रस्तुत की जाएगी। साथ ही पर्यावरण संरक्षण व अन्न बचाओ का संकल्प लिया जायेगा। उन्होंने बताया कि पर्यावरण संरक्षण के लिए प्लास्टिक मुक्त अभियान चलाया गया है। समारोह में कहीं भी प्लास्टिक का यूज नहीं किया जायेगा।

इस अवसर पर माहेश्वरी समाज की गौरवशाली प्रतिभावान सशक्त महिलाओं और किशोरियों को सम्मानित किया जाएगा। आध्यात्मिक व उपयोगी विषयों पर ब्रह्माकुमारी पूनम गट्टानी द्वारा तनावमुक्त जीवन पर व्याख्यान होगा। विवाह योग्य युवक-युवतियों के बायोडाटा का आदान-प्रदान के कार्यक्रम भी 9 अक्टूबर को होंगे।

उन्होंने बताया कि इसी क्रम में 10 अक्टूबर को सांस्कृतिक संध्या पर महारास की प्रस्तुति के साथ ही 2100 दीपकों से भव्य आरती की जाएगी। सुबह चारों धाम एवं श्री नाथ जी की भव्य झांकियों के साथ लैंडमार्क सिटी में शोभायात्रा निकाली जाएगी। समाज की कवयित्रियों द्वारा जागृति मंच पर काव्य पाठ किया जाएगा।

प्रतिदिन के संघर्षों के साथ-साथ हर मोर्चे (घर -बाहर) पर कामयाबी के परचम फहराने वाली महिलाओं के लिए को कौन बनेगी मणिकर्णिका प्रतियोगिता रखी गई है। 11 अक्टूबर को विभिन्न सामाजिक समस्याओं पर चिंतन लघु नाटिकाओं का आयोजन कर समाज को सकारात्मक संदेश दिया जाएगा।

राजस्थान का प्रथम अधिवेशन:बिरला
माहेश्वरी समाज के अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिरला ने बताया कि अधिवेशन का उद्देश्य महिलाओं के सशक्तिकरण को बढावा देना है। अधिवेशन उनके विकास व उत्थान की परिचर्चा का मंच है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का प्रारंभ 9 अक्टूबर गणेश पूजन के साथ किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष ओमकृष्ण बिरला होंगे। इस अवसर पर उद्घाटनकर्ता पद्भूषण राजश्री बिरला भी मौजूद रहेंगी। इसके अवाला आस्ट्रेलिया, नेपाल व यूएसए सहित देश-विदेश से करीब 1600 महिलाएं इस कार्यक्रम में कोटा पहुचेंगी।

‘शंखनाद’ कार्ड का विमोचन
इस अवसर पर अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महासभा (पश्चिमांचल) के उपसभापति राजेश बिरला, एलन के डायरेक्टर गोविंद माहेश्वरी, समाज के मंत्री बिट्ठलदास मूंदडा, पूर्वी राजस्थान के प्रदेश मंत्री महेश चंद अजमेरा, पूर्व अध्यक्ष बद्री विशाल माहेश्वरी, प्रमोद कुमार भण्डारी, महिला संगठन की राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री मधु बाहेती, स्वागत मंत्री किरण मानधना, पूर्वी राजस्थान महिला प्रदेश अध्यक्ष कुंती मूंदडा व मंत्री मंजू भराडिया, जिला अध्यक्ष विनीता लाहोटी, निर्मला मारू, पुष्पा सोमानी, माहेश्वरी महिला संगठन कोटा की अध्यक्ष ऋतु मूंदडा व सचिव प्रीति राठी, माहेश्वरी महिला मंडल कुन्हाडी से अर्चना लड्ढा समेत पदाधिकारियों ने ‘शंखनाद’ कार्ड का विमाचन किया।