RBI के रेपो रेट नहीं घटाने से गिरावट के साथ बंद हुए बाजार

668

नई दिल्ली। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की मुख्य ब्याज दरों में कटौती को लेकर बाजार की उम्मीद पूरी नहीं होने से गुरुवार को देश के शेयर बाजारों में गिरावट दर्ज की गई। बीएसई का सेंसेक्स 70.70 अंकों की गिरावट के साथ 40,779.59 पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 24.80 अंकों की गिरावट के साथ 12,018.40 पर बंद हुआ।

आरबीआई ने चालू वित्त वर्ष की पांचवीं दोमाही मौद्रिक नीति समीक्षा में मुख्य ब्याज दरों को जस का तस छोड़ दिया। देश की विकास दर में भारी गिरावट के बाद बाजार को ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद थी। आरबीआई ने इसके साथ ही उसने चालू वित्त वर्ष में देश के लिए अपने विकास अनुमान को 6.1 फीसदी से घटाकर पांच फीसदी कर दिया।

सेंसेक्स में भारती एयरटेल में सर्वाधिक 2.96 फीसदी गिरावट रही। टाटा स्टील और इंडसइंड बैंक भी दो फीसदी से अधिक लुढ़के। टाटा मोटर्स, हीरो मोटोकॉर्प, भारतीय स्टेट बैंक, सन फार्मा, यस बैंक, एक्सिस बैंक और वेदांता एक फीसदी से अधिक लुढ़के। टीसीएस सर्वाधिक 2.04 फीसदी चढ़ा। आईटीसी और लार्सेन एंड टुब्रो भी एक फीसदी से अधिक उछले।

टेलीकॉम शेयरों में सर्वाधिक बिक्री
बीएसई के टेलीकॉम सेक्टर में सर्वाधिक 2.61 फीसदी गिरावट रही। धातु सेक्टर भी 2.39 फीसदी लुढ़का। दूसरी ओर आईटी सेक्टर में सर्वाधिक 1.03 फीसदी तेजी रही। बीएसई के मिडकैप इंडेक्स में 0.32 फीसदी गिरावट रही। स्मॉलकैप इंडेक्स में 0.02 फीसदी तेजी रही।