PUC सर्टिफिकेट के नियमों में बदलाव, BS6 गाड़ियों के लिए 3 साल तक की वैलिडिटी

0
11

नई दिल्ली। PUC certificate rules changed: सरकार ने गाड़ियों के Pollution Under Control (PUC) सर्टिफिकेट की वैलिडिटी के नियमों को रिवाइज किया है। अब BS6 व्हीकल्स के लिए PUC सर्टिफिकेट की वैलिडिटी उनकी उम्र और व्हीकल के ट्रांसपोर्ट या नॉन-ट्रांसपोर्ट होने के आधार पर तय होगी।

नए नियमों के तहत कुछ BS6 गाड़ियों को अब हर 6 महीने या साल में PUC सर्टिफिकेट रिन्यू कराने की जरूरत नहीं होगी। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ( Ministry of Road Transport and Highways ) ने 13 नवंबर 2026 को Central Motor Vehicles (Sixteenth Amendment) Rules, 2026 की अधिसूचना जारी की। इसके जरिए Central Motor Vehicles Rules, 1989 में बदलाव किया गया है। आइए जानते हैं डीटेल।

BS6 नॉन-ट्रांसपोर्ट वाहनों के लिए नए नियम
नए नियमों के मुताबिक 6 साल तक पुराने BS6 नॉन-ट्रांसपोर्ट व्हीकल्स के PUC सर्टिफिकेट की वैलिडिटी 3 साल होगी। यानी प्राइवेट कार और दूसरे नॉन-ट्रांसपोर्ट व्हीकल्स के ओनर्स को इस दौरान बार-बार PUC रिन्यू कराने की जरूरत नहीं पड़ेगी। वहीं, 6 साल से ज्यादा लेकिन 10 साल तक पुराने BS6 नॉन-ट्रांसपोर्ट वाहनों के लिए PUC सर्टिफिकेट हर साल रिन्यू कराना होगा। 10 साल से ज्यादा पुरानी गाड़ियों के लिए हर 6 महीने में नया PUC सर्टिफिकेट लेना जरूरी होगा।

BS6 कमर्शियल वाहनों के लिए नियम
BS6 ट्रांसपोर्ट यानी कमर्शियल व्हीकल्स के लिए अलग वैलिडिटी तय की गई है। 6 साल तक पुराने ट्रांसपोर्ट वाहनों का PUC सर्टिफिकेट 2 साल तक वैलिड रहेगा। 6 से 10 साल पुराने वाहनों के लिए इसे हर साल रिन्यू कराना होगा। वहीं, 10 साल से ज्यादा पुराने BS6 ट्रांसपोर्ट व्हीकल्स को हर 6 महीने में नया PUC सर्टिफिकेट लेना होगा।

BS1 से BS4 वाहनों के लिए नियम
BS1, BS2 और BS3 एमिशन नॉर्म्स वाली सभी गाड़ियों के लिए PUC सर्टिफिकेट की वैलिडिटी 3 महीने ही रहेगी। BS4 वाहनों के लिए यह 6 महीने तय की गई है। सरकार ने यह भी साफ किया है कि सभी वाहनों के पास राज्य सरकार से ऑथराइज्ड एजेंसी से जारी वैलिड PUC सर्टिफिकेट होना जरूरी है।

पुराने PUC सर्टिफिकेट के लिए नियम
नए नियम लागू होने से पहले जारी किए गए PUC सर्टिफिकेट की मौजूदा वैलिडिटी तुरंत नहीं बदलेगी। इन पर नए नियम पहली बार रिन्यू कराए जाने के साथ लागू होंगे। इसके अलावा, अगर मौजूदा PUC सर्टिफिकेट की एक्सपायरी से 10 दिन पहले के अंदर रिन्यूअल के लिए आवेदन किया जाता है, तो नए सर्टिफिकेट की वैलिडिटी पुराने सर्टिफिकेट की समाप्ति की तारीख से शुरू होगी। अगर सर्टिफिकेट एक्सपायर होने के बाद रिन्यू कराया जाता है, तो नई वैलिडिटी रिन्यूअल की तारीख से शुरू होगी। ये रिवाइज्ड नियम Official Gazette में पब्लिश होने की तारीख से लागू हो गए हैं।