नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र में एफसीआरए (विदेशी अंशदान विनियमन अधिनियम) संशोधन विधेयक पर चर्चा से पहले कांग्रेस ने अपने लोकसभा और राज्यसभा सांसदों के लिए तीन लाइन का व्हिप जारी किया है। पार्टी ने सभी सांसदों को 10, 11 और 12 अगस्त को सदन में अनिवार्य रूप से मौजूद रहने और पार्टी के रुख का समर्थन करने का निर्देश दिया है।
शुक्रवार को कांग्रेस की ओर से जारी किए गए निर्देश में कहा गया है कि इन तीन दिनों के दौरान संसद में कई अहम मुद्दों पर चर्चा और मतदान हो सकता है। ऐसे में सभी सांसदों को सुबह 11 बजे से लेकर सदन की कार्यवाही स्थगित होने तक उपस्थित रहने और पार्टी के रुख का समर्थन करने के लिए कहा गया है।
सहयोगी दलों से भी कांग्रेस ने किया आग्रह
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, कांग्रेस ने विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के सहयोगी दलों से भी अपने सांसदों की मौजूदगी सुनिश्चित करने को कहा है।
कांग्रेस ने व्हिप में अपने सदस्यों से कहा है, ’10, 11 और 12 अगस्त को ‘बहुत महत्वपूर्ण मुद्दों’ पर चर्चा होगी। सभी कांग्रेस सांसद सुबह 11 बजे से सदन की कार्यवाही स्थगित होने तक अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें और पार्टी के रुख का समर्थन करें।’
दरअसल, केंद्र सरकार अगले सप्ताह एफसीआरए संशोधन विधेयक को चर्चा के लिए पेश कर सकती है। इसके अलावा परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को भी दोबारा सदन में लाने पर विचार किया जा रहा है।
हालांकि, अगले सप्ताह के लिए सरकार की ओर से जारी संभावित कार्यसूची में अब तक एफसीआरए संशोधन विधेयक और परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक का कोई उल्लेख नहीं किया गया है।

