Coriander Price: उत्पादन कम होने से धनिया की कीमतों में मंदे की धारणा नहीं

35

नई दिल्ली। Coriander Price: चालू सप्ताह के दौरान धनिया की कीमतों में मजबूती बनी रही। इस वर्ष उत्पादन कम होने के कारण बाजार में धारणा मंदे की नहीं है। आगामी दिनो में भी धनिया की कीमतें तेज रहने की संभावना है। इस गत वर्ष किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य न मिलने के कारण उत्पादक केन्द्रों पर धनिया के बिजाई क्षेत्रफल में गिरावट आई जिस कारण पैदावार भी गत वर्ष की तुलना में कम होने के समाचार हैं।

गुजरात: जानकार सूत्रों का कहना है कि प्रमुख उत्पादक राज्य गुजरात की मंडियों में कुल उत्पादन का लगभग 60/70 प्रतिशत माल मंडियों में आ चुका है। आगामी दिनों में आवक घटनी शुरू हो जाएगी। उल्लेखनीय है कि इस वर्ष गुजरात में धनिया की बिजाई 1.25 लाख हेक्टेयर पर हुई थी जबकि गत वर्ष बिजाई 2.18 लाख हेक्टेयर पर की गई थी। बिजाई घटने के कारण उत्पादन भी गत वर्ष के 70/72 लाख बोरी से घटकर 39/40 लाख बोरी (प्रत्येक बोरी 40 किलो) रहने के समाचार है।

मध्य प्रदेश: मध्य प्रदेश की मंडियों में वर्तमान में धनिया की आवक जोरो पर चल रही है। और कुल उत्पादन में लगभग 50 प्रतिशत माल मंडियों में आ जाने के अनुमान लगाए जा रहे हैं। मध्य प्रदेश में इस वर्ष धनिया की बिजाई गत वर्ष 2.10 लाख हेक्टेयर के मुकाबले 1.88 लाख हेक्टेयर पर की गई है। जिस कारण चालू सीजन के दौरान मध्य प्रदेश में धनिया का उत्पादन लगभग 50/60 लाख बोरी होने के समाचार है जबकि गत वर्ष उत्पादन 70/71 लाख बोरी का रहा था।

राजस्थान: राजस्थान की बारां, रामगंज मंडी में धनिया की आवक अच्छी बनी हुई है। मगर पैदावार कम रहने के कारण कीमतों में मजबूती चल रही है। राजस्थान में इस वर्ष धनिया की बिजाई 50 हजार हेक्टेयर पर हुई है जबकि गत वर्ष बिजाई का क्षेत्रफल क्षेत्रफल 64/65 हजार हेक्टेयर का रहा था। चालू सीजन के दौरान राजस्थान में धनिया का उत्पादन 15/16 लाख बोरी माना जा रहा है जबकि गत वर्ष उत्पादन 20/21 लाख बोरी का रहा था।

भाव: चालू सप्ताह के दौरान वायदा एवं हाजिर बाजार में धनिया की कीमतें मजबूती के साथ बोली गई। उत्पादक केन्द्रों की मंडियों पर धनिया के हाजिर बाजार 100/200 रुपए तेजी के साथ बोले गए। जबकि वायदा बाजार में अप्रैल का धनिया 7620 रुपए खुलने के पश्चात सप्ताह के अंत में 7764 रुपए पर बंद हुआ है। जबकि मई का भाव 7720 रुपए खुलने के पश्चात सप्ताह के अंत में 7846 रुपए रुपए पर बंद हुआ है।

अधिक मंदा नहीं: जानकार सूत्रों का कहना है कि धनिया की वर्तमान कीमतों में अधिक मंदे की संभावना नहीं है। क्योंकि उत्पादन कम होने के कारण इस वर्ष मंडियों में धनिया की आवक आशानुरूप नहीं बन पाई है। साथ ही आगामी दिनों में उत्पादक केन्द्रों की मंडियों में आवक घटनी शुरू हो जाएगी। सूत्रों का कहना है कि वर्तमान में उत्पादक केन्द्रों की मंडियों पर धनिया बादामी एवरेज क्वालिटी का भाव 6500/7200 रुपए एवं ईगल भाव 7200/8000 रुपए प्रति क्विंटल चल रहा है। जोकि आगामी दिनों में बढ़कर 10000 का स्तर पार कर सकते हैं। हालांकि चुनावी वर्ष होने के कारण चुनावों तक बाजार में अधिक तेजी संभव नहीं है लेकिन चुनाव पश्चात अधिकांश जिंसों में तेजी का माहौल देखा जा सकता है।

आवक: गुजरात की राजकोट मंडी में धनिया की दैनिक आवक 7000 बोरी के अलावा जाम जोधपुर 8000/9000 बोरी एवं जूनागढ़ 4000 बोरी की चल रही जबकि गोंडल मंडी में धनिया का साप्ताहिक व्यापार 80/90 हजार बोरी का होता है। मध्य प्रदेश की गुना मंडी में धनिया की आवक 30/32 हजार बोरी एवं कुम्भराज 20/22 हजार एवं अशोक नगर 10/12 हजार बोरी की हो रही। राजस्थान की प्रमुख मंडी रामगंज मंडी में दैनिक आवक 28/30 हजार बोरी की चल रही है जबकि बारां मंडी में 2500/3000 बोरी ही हो रही है।

निर्यात: गत सीजन में धनिया की कीमतें नीची रहने के कारण धनिया का रिकॉर्ड निर्यात प्रदर्शन रहा। मसाला बोर्ड द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार अप्रैल-दिसम्बर 2023 के दौरान धनिया का निर्यात 87531.24 टन का रहा जबकि अप्रैल-दिसम्बर 2022 में निर्यात 32449.43 टन का हुआ था यानी कि निर्यात 170 प्रतिशत बढ़ा है। वर्ष 2022-23 (अप्रैल-मार्च) के दौरान धनिया का कुल निर्यात 54481.49 टन का हुआ था।