18 साल से अधिक उम्र के लोगों को कोरोना वैक्सीन के लिए आज से रजिस्ट्रेशन

0
302

नई दिल्ली। देश में बढ़ रहे कोरोना वायरस महामारी के साथ 1 मई से 18 साल से अधिक उम्र को लोगों को वैक्सीनेशन शुरू हो जाएगा। इसके लिए रजिस्ट्रेशन 28 अप्रैल से शुरू हो रहा है। इस नई व्यवस्था को लेकर केंद्र सरकार ने नई पॉलिसी बनाई है। इस पॉलिसी को लेकर कई सवाल किए जा रहे हैं। सबसे बड़ा संकट राज्यों के सामने है, जिन पर 18-44 वर्ष आयु समूह के लोगों को वैक्सीनेट करने की जिम्मेदारी डाल दी गई है। वहीं केंद्र सरकार ने राज्यों और प्राइवेट सेक्टर को कोरोना वैक्सीनेशन में शामिल होने की इजाजत दे दी है।

बिना रजिस्ट्रेशन के वैक्सीन नहीं लगेगी। कोरोना वैक्सीन के लिए आप पहले से रजिस्ट्रेशन कर अपाइंटमेंट बुक कर सकते हैं। इसके लिए कोरोना वैक्सीन इंटेलिजेंस नेटवर्क कोविन (Co-win)प्लेटफार्म बनाया है। इस प्लेटफार्म पर टीकाकरण से जुड़ा हर डेटा उपलब्ध होगा। 18 साल से अधिक उम्र के लोगों के लिए वॉक इन ( बिना रजिस्ट्रेशन के टीकाकरण) की सुविधा नहीं है। वहीं 45 साल से अधिक लोगों के लिए वॉक इन की सुविधा मिलेगी। यानी 1 जनवरी 1977 से पहले जन्मे लोग बिना रजिस्ट्रेशन के भी वैक्सीनेशन सेंटर पहुंचकर टीका लगवा सकते हैं।

कोरोना वैक्सीन के लिए रजिस्ट्रेशन कैसे होगा: कोरोना वैक्सीन के लिए आरोग्य सेतु एप और कोविन वेबसाइट (cowin.gov.in) पर रजिस्ट्रेशन हो रहा है। इसके लिए आपको यह करना होगा…

  • मोबाइल नंबर को OTP से वैरिफाई करना होगा।
  • आधार कार्ड, पैनकार्ड या किसी अन्य फोटो पहचान पत्र के अनुसार जानकारी देनी होगी।
  • एक मोबाइल नंबर से अधिकतम चार लोगों का रजिस्ट्रेशन हो सकेगा।
  • सरकारी अस्पतालों में वैक्सीन फ्री में लगेगी। प्राइवेट अस्पतालों में वैक्सीन लगवाने पर शुल्क देना पड़ेगा।
  • जिन राज्यों ने 18 साल से उपर के लोगों को फ्री वैक्सीन देने के फैसला किया है । वहां भी यहीं व्यवस्था होगी।

इन राज्यों में सभी को फ्री वैक्सीन
केंद्र सरकार ने जैसे ही 18 साल से अधिक उम्र के लोगों को वैक्सीनेट करने की घोषणा की, उप्र सरकार से सबसे पहले सभी को फ्री वैक्सीन लगाने का एलान किया। इसके बाद अब तक 24 राज्य और केंद्र शासित प्रदेश फ्री में 18 साल से अधिक उम्र के लोगों को वैक्सीन लगाने की घोषणा कर चुके हैं। इसमें मप्र, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, हिमाचल, राजस्थान, दिल्ली, बिहार, झारखंड, पंजाब, हरियाणा, सिक्किम, पश्चिम बंगाल, असम, गोवा, तमिलनाडु,तेलंगाना, आंध्रप्रदेश, केरल, ओडिशा, जम्मू-कश्मीर, गुजरात, कर्नाटक, उत्तराखंड शामिल है। 45 साल से अधिक उम्र के लोगों के वैक्सीनेट का खर्च केंद्र सरकार उठा रही है। पश्चिम बंगाल में चुनावों की वजह से 5 मई से टीकाकरण शुरु होगा।