कोरोना से सहमा बाजार, सेंसेक्स 627 अंक लुढ़क कर 49,509 पर बंद

0
500

मुंबई। देशभर में कोरोना के बढ़ते मामलों के कारण बुधवार को शेयर मार्केट सहम गया। ग्लोबल मार्केट में गिरावट के चलते घरेलू बाजार भी लाल निशान में बंद हुआ। BSE सेंसेक्स 627 अंकों की गिरावट के साथ 49,509.15 पर बंद हुआ है। इंडेक्स में शामिल 30 में से 19 शेयरों में गिरावट रही। HDFC और HDFC बैंक के शेयरों में सबसे ज्यादा 4-4% की गिरावट दर्ज की गई। निफ्टी भी 154 अंक नीचे 14,690.70 पर आ गया है। इसमें टाटा स्टील का शेयर 2% चढ़ा। इससे पहले बाजार में लगातार दो दिन की बढ़त दर्ज की गई।

निवेशकों ने सबसे ज्यादा IT और बैंकिंग सेक्टर के शेयर बेचें। गिरावट के चलते निफ्टी बैंक इंडेक्स 571 अंक नीचे 33,303.90 पर आ गया है। इसी तरह IT इंडेक्स भी 266 अंक नीचे बंद हुआ है। सुबह सेंसेक्स 87 अंकों की गिरावट के साथ 50,049.12 पर और निफ्टी 33 अंक ऊपर 14,811.85 पर खुला था।

BSE पर 3,079 शेयरों में कारोबार हुआ, जिसमें 1,396 शेयर बढ़त और 1,486 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए हैं। एक्सचेंज पर लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप 204.28 लाख करोड़ रुपए हो गया है, जो कल 204.81 लाख करोड़ रुपए था।

एशियाई बाजारों में हल्की गिरावट

  1. हॉन्गकॉन्ग का हेंगसेंग इंडेक्स 39 अंक गिरकर 28,533 पर आ गया है।
  2. चीन के शंघाई कंपोजिट 21 पॉइंट नीचे 3,435 पर कारोबार कर रहा है।
  3. जापान का निक्केई इंडेक्स 189 पॉइंट्स गिरकर 29,243 पर कारोबार कर रहा है।
  4. कोरिया के कोस्पी इंडेक्स और ऑस्ट्रेलिया के ऑल ऑर्डनरीज इंडेक्स में 1% तक की बढ़त है।