सेंसेक्स ने तोड़ा 11 साल का रिकॉर्ड:इंडेक्स लगातार 10वें हफ्ते बढ़त के साथ बंद

0
527

मुंबई। शेयर बाजार में बीते 11 सालों का रिकॉर्ड टूटा। यह लगातार 10वां हफ्ता रहा जब सेंसेक्स बढ़त के साथ बंद हुआ है। इससे पहले जून 2009 में इतनी लंबी साप्ताहिक बढ़त दर्ज की गई थी। हालांकि हफ्ते में आज से पहले लगातार दो दिन बाजार गिरावट के साथ बंद हुआ था। शुक्रवार को IT और ऑटो शेयरों में निवेशकों ने जमकर खरीदारी की। इसके चलते सेंसेक्स कारोबार के दौरान 48,854.34 के रिकॉर्ड स्तर को छुआ। अंत में यह 689.19 ऊपर 48,782.51 पर बंद हुआ है।

BSE पर 54% शेयरों में तेजी
सेंसेक्स की तेजी में मारुति और टेक महिंद्रा के शेयर सबसे आगे रहे। इनके शेयरों में 5-5% से ज्यादा की बढ़त दर्ज की गई। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर कुल 3,267 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ, जिसमें से 1,763 के शेयरों में तेजी रही। यानी एक्सचेंज पर 54% शेयरों में बढ़त दर्ज की गई। इसमें 481 कंपनियों के शेयर एक साल के उच्चतम स्तर पर बंद हुए हैं। इसके अलावा 500 के शेयरों में अपर सर्किट लगा। चौतरफा तेजी के चलते BSE का टोटल मार्केट कैप भी बढ़कर 195.63 लाख करोड़ रुपए हो गया है।

निफ्टी में रिकॉर्ड तेजी
इसी तरह निफ्टी भी 209.90 अंक ऊपर 14,347.25 पर बंद हुआ है। इंट्राडे में इंडेक्स ने 14,367.30 को छुआ, जो इसका ऑलटाइम हाई है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर ऑटो, IT और मीडिया इंडेक्स 3-3% ऊपर बंद हुए हैं। इसमें ऑटो इंडेक्स में सितंबर 2018 के बाद हाइएस्ट लेवल पर पहुंचा। इसके अलावा IT इंडेक्स भी रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ है। यह हफ्तेभर में 7% ऊपर चढ़ा है। हालांकि हफ्ते का हीरो मेटल सेक्टर रहा, जो इस दौरान 8% ऊपर चढ़ा।

बाजार में तेजी की बड़ी वजह

  • दुनियाभर के प्रमुख शेयर बाजारों में तेजी रही, जिसमें अमेरिका, यूरोप और एशिया के मार्केट शामिल हैं।
  • बाजार में विदेशी निवेशकों (FII) का भारी निवेश लगातार जारी है। 7 जनवरी तक इस माह में FII ने कुल 4,017 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे।
  • घरेलू शेयर मार्केट में प्रमुख शेयरों में तेजी रही। इससे बाजार की तेजी को सपोर्ट मिला।

वैश्विक बाजारों में तेजी
अमेरिकी बाजारों में रिकॉर्ड तेजी के चलते आज एशियाई बाजारों में भी तेजी रही। दक्षिण कोरिया का कोप्सी इंडेक्स 3.97% और हॉन्गकॉन्ग का हेंगसेंग 1.21% ऊपर बंद हुए हैं। जापान का निक्केई इंडेक्स भी 2.29% ऊपर बंद हुआ है। दूसरी ओर चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स हल्की गिरावट के साथ बंद हुआ है। वहीं, गुरुवार को अमेरिकी बाजारों नैस्डैक इंडेक्स 2.56% और S&P 500 इंडेक्स 1.48% ऊपर बंद हुए थे। इसके अलावा यूरोप के शेयर बाजारों में भी बढ़त दर्ज की गई थी।