Stock Market: बिकवाली के दबाव में सेंसेक्स और निफ्टी लाल निशान पर बंद

0
8

नई दिल्ली। Stock Market Closed : घरेलू शेयर बाजारों में करेक्शन का दौर सप्ताह के पहले दिन यानी सोमवार को भी जारी रहा और प्रमुख बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी लगभग सपाट बंद हुए। पॉजिटिव शुरुआत के बावजूद रिलायंस इंडस्ट्रीज और एचडीएफसी बैंक जैसे हैवीवेट शेयरों के साथ विदेशी निवेशकों की बिकवाली से बाजार लाल निशान में बंद हुआ।

तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) आज 200 से ज्यादा अंक चढ़कर 73,427 अंक पर ओपन हुआ। यह 73,649 अंक तक चढ़ गया था। हालांकि, आधे घंटे के बाद यह लाल निशान में फिसल गया। अंत में सेंसेक्स 112.16 अंक या 0.15% गिरकर 73,085.94 पर बंद हुआ।

इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी50 भी मजबूती के साथ 22,194 अंक पर खुला। हालांकि, कुछ ही देर में यह भी लाल निशान में चला गया। अंत में निफ्टी 5.40 अंक या 0.02% की मामूली गिरावट लेकर 22,119.30 पर क्लोज हुआ।

2019 के बाद की सबसे लंबी दैनिक गिरावट
फरवरी में लगातार पांचवें महीने गिरावट के साथ, बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी 50 ने 29 सालों (1996 से) में अपनी सबसे लंबी मासिक गिरावट दर्ज की। बिकवाली थमने का नाम नहीं ले रही है। सोमवार को 30 शेयरों वाला सेंसेक्स इंट्राडे ट्रेड में 400 अंक से अधिक फिसल गया था, जबकि निफ्टी सोमवार को 22,120 के नीचे बंद हुआ, जिससे लगातार नौ सत्रों में गिरावट का सिलसिला जारी रहा। यह 2019 के बाद से यह सबसे लंबी दैनिक गिरावट है।

फरवरी में निवेशकों 40 लाख करोड़ का नुकसान
निवेशकों को फरवरी में बहुत मोटा नुकसान हुआ है। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों के मार्केट कैप पिछले महीने में 40 लाख करोड़ रुपये घट गया। 31 जनवरी को बाजार बंद होने के बाद बीएसई में लिस्टेड सभी कंपनियों का मार्केट कैप 424,99,887 करोड़ रुपये था। 28 फरवरी को बाजार बंद होने के बाद यह 384,60,048 करोड़ रुपये रह गया।