कोटा मेला दशहरा में सिने संध्या आज, सोनू निगम सजाएंगे सुरों की महफ़िल

0
4

कोटा। Sonu Nigam star night today: राष्ट्रीय दशहरा मेला में शुक्रवार को रात्रि 8:30 बजे विजयश्री रंगमंच पर सिने संध्या स्टार नाईट कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मेला समिति अध्यक्ष विवेक राजवंशी ने बताया कि पर्यटन विभाग की ओर से प्रायोजित इस कार्यक्रम को पार्श्वगायक सोनू निगम अपने सुमधुर गीतों से सजाएंगे। इससे पहले शाम 7 बजे शुभम ग्रुप की ओर से प्रायोजित तथा कुतुर इंस्टिट्यूट एंड फैशन टेक्नोलॉजी संस्थान की ओर से आयोजित परिधान उत्सव कार्यक्रम होगा।

सोनू निगम को “अभी मुझमें कहीं.. ऑल इज वेल.. शुक्रम अल्लाह.. इन लम्हों के.. मैं अगर कहूं.. कभी अलविदा ना कहना.. पीयू बोले.. धीरे जलना.. मैं हूं ना.. कल हो ना हो.. साथिया.. गीतों के लिए सर्वश्रेष्ठ पार्श्वगायक का फिल्मफेयर अवार्ड मिल चुका है। इसके अलावा बेताब, जॉनी दुश्मन, एक अनोखी कहानी, काश आप हमारे होते, लव इन नेपाल में अभिनय भी कर चुके हैं।

सोनू सोनू निगम हिंदी फिल्मों के अलावा कन्नड़, मणिपुरी, गढ़वाली, ओडिया, तमिल, आसामी, पंजाबी, बंगाली, मलयालम, मराठी, तेलुगू, और नेपाली फिल्मों में भी पार्श्वगायन कर चुके हैं। उन्होंने सारेगामापा.. और “किसमें कितना है दम” टीवी शो होस्ट किया है।

वहीं इंडियन आइडल और स्टार वाइस ऑफ इंडिया तथा एक्स फैक्टर टीवी शो में जज रह चुके हैं। सोनू निगम ने बेवफा सनम का गाना अच्छा सिला दिया तूने मेरे प्यार का.. गाया। उनका बॉर्डर फिल्म का गीत “संदेशे आते हैं.. काफी हिट हुआ। परदेस फिल्म के गाने “यह दिल..” से उन्होंने लोगों का दिल जीत लिया। सोनू निगम रोमांटिक, रॉक सोंग, सेड सोंग के साथ ही देशभक्ति गीत भी गाने में महारत रखते हैं।

पंजाबी कार्यक्रम शनिवार को
मेला समिति अध्यक्ष विवेक राजवंशी ने बताया कि शनिवार को रात्रि 8:30 बजे विजयश्री रंगमंच पर पंजाबी कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिसमें परमिश वर्मा और दीपेश राही विभिन्न प्रस्तुतियां देंगे। इससे पहले विजयश्री रंगमंच पर ड्रोन शो और पंजाबी कार्यक्रम ‘गतका’ का भी आयोजन किया जाएगा।