मथुराधीश मंदिर पर ठाकुर जी का प्राकट्य उत्सव 26 को, मनेगा अलौकिक उत्सव

0
4

कोटा। शुद्धाद्वैत प्रथम पीठ श्री बड़े मथुराधीश मंदिर पाटनपोल पर 26 अगस्त को जन्माष्टमी धूमधाम से मनाई जाएगी। ऐसे में दर्शनार्थियों का तांता लगेगा। प्रथम पीठ युवराज मिलन कुमार बावा ने बताया कि जन्माष्टमी के अगले दिन 27 अगस्त को नंदोत्सव होगा। इसके लिए मंदिर को पुष्प और विद्युत रोशनी से सजाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि ठाकुर जी के जन्म पर अलौकिक उत्सव होगा। सोमवार को सुबह 5 बजे पंचामृत होगा। इसके बाद तिलक और राजभोग होगा। इसके बाद उत्थापन शाम 6 बजे, भोग 7 बजे तथा आरती सायं 7.30 बजे होगी। उन्होंने बताया कि ठाकुर जी के रात्रि 9 बजे शयन आरती के दर्शन होंगे तथा 10 बजे जागरण करेंगे। वहीं अर्द्धरात्रि 12 बजे ठाकुर जी का प्राकट्य होगा। भक्तों को जन्म के दर्शन हो सकेंगे।

वहीं मंगलवार को धूमधाम से नंदोत्सव मनाया जाएगा। इस दौरान प्रातः 8 से 12.30 बजे तक ठाकुर जी को चांदी के पालने में झुलाया जाएगा। मंगला के दर्शन दोपहर 1 बजे के बाद तथा राजभोग के दर्शन दोपहर 2.30 बजे के बाद सेवानुकूल समय में होंगे। इस दिन उत्थापन के दर्शन नहीं होंगे। भोग आरती के दर्शन शाम को 6 बजे के बाद सेवानुकूल समय में होंगे। इस दौरान मंदिर के सेवादार गोपी गोपियां बनेंगे और दही हांडी उत्सव होगा।

हिंडोला मनोरथ में उमड़े वैष्णव
मथुराधीश मंदिर पर 1 अगस्त से चल रहे हिंडोला मनोरथ का शुक्रवार को समापन होगा। हिंडोला दर्शन के लिए गुरुवार को भी वैष्णव उमड़ पड़े। इस दौरान मंदिर में जन्माष्टमी की बड़ी बधाई गाई जा रही थी। इस अवसर पर झूलत गोकुल चंद हिंडोरे.. क्यों न भए हम वृंदावन मोर.. फूल भयो नंदरानी.. सरीखे कीर्तन पद गुंजायमान हो रहे थे। प्रथम पीठ युवराज मिलन बावा ने बताया कि शुक्रवार को प्रातः 7 से 07:30 बजे मंगला दर्शन होंगे। इस दौरान हिन्दोला विजय प्रातः10 बजे सेवा अनुकूल समय में किया जाएगा। राजभोग सुबह 11:30 बजे सेवाअनुकूल समय में तथा उत्थापन शाम 4 बजे व भोग आरती शामिल शाम 5 बजे होंगे।