राष्ट्रीय किसान समन्वय समूह ने केडीए से गांवों को मुक्त करने की मांग दोहराई

0
16

केशवराय पाटन शुगर मिल को अविलंब चालू किया जाए: दशरथ कुमार

कोटा। हाड़ोती किसान यूनियन के प्रतिनिधि एवं राष्ट्रीय युवा संगठन के पूर्व प्रदेश संयोजक जगदीश कुमार ने बताया कि ग्राम स्वराज की अवधारणा का सम्मान करते हुए कोटा विकास प्राधिकरण से गांव को मुक्त किया जाए। इसी प्रकार केशोरायपाटन सरकारी शुगर मिल को अविलंब चालू किया जाए, जिससे क्षेत्र के किसानों को लाभ मिले।

राष्ट्रीय किसान समन्वय समूह के संयोजक दशरथ कुमार एवं संयोजक डॉक्टर बृजेश शर्मा दक्षिण भारत में किसान समन्वय समूह के संयोजक दयानंद चंद्रशेखर पाटिल, एमबी जगदीश ने संयुक्त पत्रकार वार्ता में कहा कि ग्राम स्वराज का सपना साकार करना है, तो संविधान में संशोधन करना होगा और किसानों के राष्ट्रीय और स्थानीय हितों को संरक्षण प्रदान करना होगा।

इन किसान नेताओं ने कहा कि कोटा के मंथन शिविर में 27 सूत्रीय किसान एजेंट को सरकार को प्रस्तुत किया जाएगा। उसके लिए अगले महीने नई दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर पर बैठक आयोजित की जाएगी तथा कन्याकुमारी से राजघाट तक किसान यात्रा के तहत विभिन्न मुद्दों पर जन चेतना जागृत की जाएगी।

उन्होंने कहा कि सभी फसलों का नई वैज्ञानिक पारदर्शी पद्धति से उत्पादन मूल्य का निर्धारण कर बाजार या सरकारी खरीद में निर्धारित मूल्य न मिलने की स्थिति में वह किसान को नुकसान की अंतर राशि देने की व्यवस्था की जाए। प्राकृतिक संपदा पर समुदाय का अधिकार माना जाए। ग्राम सभा की अनुमति वास समुदाय की हिस्सेदारी सुनिश्चित की जाए। खेती के लिए कर्ज नहीं अनुदान की व्यवस्था हो।

किसानों को ब्याज मुक्त कर्ज की व्यवस्था की जाए। देश में संपूर्ण शराब एवं नशाबंदी की घोषणा का पालन किया जाए। प्राकृतिक खेती के लिए गाय बैल और गोचर भूमि की रक्षा की जाए। गोपालक किसानों को विशेष अनुदान दिया जाए। खेतों की आमदनी पर इनकम टैक्स की छूट का लाभ उठाने वाले गैर किसानों पर खेती और विभिन्न व्यवसायों से प्राप्त एकत्रित आय पर टैक्स लगाया जाए।

दशरथ कुमार राष्ट्रीय संयोजक मनोनीत
राष्ट्रीय स्तर पर किस समन्वय समूह के संयोजक के रूप में हाडोती किसान यूनियन के महामंत्री दशरथ कुमार को संयोजक मनोनीत किया है। कार्यकारिणी में सहसंयोजक सीतामढ़ी के डॉक्टर बृजेश शर्मा, अलीगढ़ के अनिल वालीयान, भोपाल के इरफान जाफरी, कर्नाटक कुलबुर्गी के दयानंद सी पाटिल, नवी मुंबई की कल्पना इनामदार, उप संयोजक नोएडा के सुनील फौजी, लुधियाना के परमजीत सिंह, शिमला के हरीश चौहान, गाजियाबाद के योगेश त्यागी, कर्नाटक एमबी जगदीश प्रथम कार्यकारिणी में जयपुर के प्रोफेसर गोपाल मोदानी, हरियाणा के डीके शर्मा, पंजाब के राकेश साहनी, बारां के पवन यादव, कोटा के पर्यावरणविद् बृजेश विजयवर्गीय, कर्नाटक के मल्लिकार्जुन, बयाना के एडवोकेट अजीत सिंह आदि प्रमुख हैं।

राष्ट्रीय युवा संगठन के पूर्व संयोजक जगदीश कुमार ने कहा कि जब तक देश का किसान और युवा राजनीतिक दलों के भरोसे अपने विकास का ख्वाब रखेगा तो वह स्वयं को धोखा देने का का काम करेगा। इसलिए देश के किसान एवं युवाओं को स्वयं आगे आकर राजनीति में क़दम रखने की जरूरत है, जिससे संसद और विधानसभाओं में हकीकत में विकास और मूल आवश्यकताओं के लिए नीतियों का निर्माण हो सके।