Gold Price: सोना 71 हजार से नीचे आया, मई के रिकॉर्ड हाई से 5 फीसदी फिसला

0
16

नई दिल्ली। Gold Price Today: सोने की कीमतों में फिलहाल तेज गिरावट देखी जा रही है। घरेलू बाजार में जहां कीमतें 71 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम के नीचे चली गई हैं वहीं अंतरराष्ट्रीय बाजार में गोल्ड 2,300 डॉलर प्रति औंस के आस-पास है। मई के रिकॉर्ड हाई से कीमतें तकरीबन 5 फीसदी नीचे आई हैं। सोने की कीमतें पिछले महीने अपने ऑल टाइम हाई पर पहुंच गई थी।

घरेलू फ्यूचर मार्केट में 22 मई 2024 को एमसीएक्स (MCX) पर सोने की कीमतों ने रिकॉर्ड बनाया था। इंट्राडे ट्रेडिंग में बेंचमार्क जून फ्यूचर्स कॉन्ट्रैक्ट बढ़कर 74,442 रुपये प्रति 10 ग्राम के न्यू ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया था। फिलहाल एमसीएक्स पर सोने का बेंचमार्क अगस्त कॉन्ट्रैक्ट 71,000 से थोड़ा नीचे कारोबार कर रहा है। MCX पर सोने का बेंचमार्क फ्यूचर्स कॉन्ट्रैक्ट 5 अक्टूबर 2023 को 56,075 रुपये प्रति 10 ग्राम तक नीचे चला गया था।

ग्लोबल मार्केट से मिले कमजोर रुझानों के बीच घरेलू हाजिर (स्पॉट) बाजार में भी आज सोने की कीमतों में नरमी देखी गई। Indian Bullion and Jewellers Association (IBJA) के अनुसार सोना 24 कैरेट (999) आज 737 रुपये की कमजोरी के साथ 71,176 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया। शुरुआती कारोबार में तो यह 70,905 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर देखा गया। जबकि 23 मई 2024 को सोना 24 कैरेट (999) 74,222 रुपये प्रति 10 ग्राम की नई ऊंचाई पर देखा गया था।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में फिलहाल सोना 2,300 डॉलर प्रति औंस के आस-पास है। पिछले शुक्रवार को कीमतों में 83 डॉलर यानी 3.5 फीसदी की तेज गिरावट देखी गई थी। नवंबर 2020 के बाद सोने की कीमतों में यह सबसे बड़ी एकदिवसीय गिरावट है।

ग्लोबल मार्केट में 22 मई 2024 को स्पॉट गोल्ड (spot gold) 2,449.89 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया था। इसी तरह बेंचमार्क यूएस जून गोल्ड फ्यूचर्स (Gold COMEX Jun′24) भी 21 मई 2024 को कारोबार के दौरान 2,454.2 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड स्तर तक चला गया था ।

जानकारों के अनुसार चीन के केंद्रीय बैंक की तरफ से सोने की खरीदारी पर जो ब्रेक लगा है उसका असर कीमतों पर देखा जा रहा है। चीन के केंद्रीय बैंक पीपुल्स बैंक ऑफ चाइना (PBoC) से प्राप्त ताजा आंकड़ों के मुताबिक इस साल मई के दौरान चीन के गोल्ड रिजर्व में कोई बदलाव नहीं देखा गया। जबकि इससे पहले लगातार 18 महीने तक चीन के गोल्ड रिजर्व में इजाफा देखा गया था।

अप्रैल के दौरान चीन का गोल्ड रिजर्व 2 टन बढकर 2,264 टन पर पहुंच गया था। हालांकि चीन के गोल्ड रिजर्व में यह 18 महीने की सबसे कम बढ़ोतरी थी। अक्टूबर 2022 की तुलना में यह तकरीबन 319 टन यानी 16.5 फीसदी ज्यादा है।

इसी वक्त से चीन के केंद्रीय बैंक ने सोने की मासिक खरीद को लेकर जानकारी फिर से साझा करना शुरू किया था। चीन के केंद्रीय बैंक ने 2023 के दौरान अपने गोल्ड रिजर्व में 225 टन का इजाफा किया था।

अमेरिका में अनुमान से बेहतर आए नौकरी के आंकड़ों से भी बाजार पर दबाव बढ़ा है। जानकार बताते हैं कि इन मजबूत आंकड़ों के मद्देनजर यूएस में सितंबर में रेट में कटौती की संभावना क्षीण पड़ गई है।