विराट विप्र महाकुंभ आज, सामाजिक, राजनीतिक, आर्थिक विषयों पर होगा मंथन

0
110
कोटा में विराट विप्र महाकुंभ की तैयारी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा आएंगे

कोटा। विप्र फाउंडेशन के तत्वावधान में सर्वब्राह्मण समाज की ओर से रविवार को प्रात: 11 बजे से दशहरा मैदान में विराट महाकुंभ आयोजित किया जाएगा। महाकुंभ की तैयारियों को लेकर राष्ट्रीय संयोजक तथा संस्थापक सुशील कुमार ओझा शनिवार को कोटा पहुंचे। उन्होंने कार्यक्रम संयोजक भुवनेश्वर शर्मा के साथ कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया।

सुशील कुमार ओझा ने बताया कि हाड़ौती से उठने वाली आवाज की गूंज पूरे राजस्थान प्रदेश में सुनाई देती है। महाकुंभ में सर्व समाज को साथ लेकर ब्राह्मण की उन्नति एवं विकास के लिए रोडमेप तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि महाकुंभ में ब्राह्मण स्वयं के अंदर और समाज में अपेक्षित बदलाव लाने के बारे में चर्चा होगी। वहीं सरकार के सामने भी मांगपत्र रखा जाएगा। केंद्र सरकार और राज्य सरकार को एक ज्ञापन भेजकर ब्राह्मण समाज अपनी आर्थिक उन्नति के लिए मांगपत्र रखेगा।

कार्यक्रम संयोजक भुवनेश्वर शर्मा (चच्चू भैया) ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ 11 वैदिक ब्राह्मणों द्वारा शंखनाद और भगवान परशुराम की विशेष पूजा के साथ किया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त बाबा सत्यनारायण मौर्य भगवान परशुराम की स्पेशल पेंटिंग बनाएंगे। दशहरा मैदान में 3 मंच तैयार कराए गए हैं। जिन पर संतजन, बाहर से आए हुए अतिथिगण तथा स्थानीय नेता विराजमान होंगे। कार्यक्रम के लिए चार लाख वर्ग फीट का पंडाल तैयार कराया गया है। वहीं 2 लाख लोगों के लिए 30 हलवाई और 600 मजदूर भोजन बनाने में जुटे हैं।

उन्होंने बताया कि विप्र महाकुंभ के अवसर पर शहरभर को भगवा पताकाओं और भगवान परशुराम के कटआउट से सजाया गया है। जगह-जगह हजारों तोरण द्वार लगाए गए हैं और विद्युत सज्जा की गई है। महाकुंभ में शामिल होने के लिए समाज बंधु प्रदेश भर से कोटा पहुंचना शुरू हो गए हैं। इसके लिए शहर भर के ब्राह्मण समाज के भवनों में आवास व्यवस्था की है। कार्यक्रम स्थल पर चार गेट खोले गए हैं। जहां से समाज बंधु प्रवेश कर सकेंगे। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न स्थानों पर प्राथमिक चिकित्सा की सुविधा के साथ ही ग्लूकोस आदि पीने के लिए भी व्यवस्था रहेगी।

विप्र फाउंडेशन के राष्ट्रीय संयोजक तथा संस्थापक सुशील ओझा के साथ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भुवनेश्वर शर्मा, प्रदेश महिला अध्यक्ष शशि शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष कृष्णमुरारी चतुर्वेदी, प्रदेश उपाध्यक्ष हरिसूदन शर्मा, एडवोकेट रघुनंदन गौतम, ऋषभ दुबे, रमेशचंद्र गौतम ने व्यवस्थाओं को देखा।

ये होंगे अतिथि
महाकुंभ में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी, कांग्रेस नेता आनंद शर्मा, पूर्व राज्यसभा सदस्य नारायण पंचारिया, इंदौर के विधायक संजय शुक्ला, जनहित पार्टी (प्रगतिशील) के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय त्यागी, राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवारी, विधायक धर्मनारायण जोशी, कांग्रेस के कार्यवाहक अध्यक्ष जितेंद्र कुमार भारद्वाज, कांग्रेस प्रवक्ता गौरव वल्लभ, समाज कल्याण बोर्ड की अध्यक्ष अर्चना शर्मा, विप्र कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष महेश शर्मा, राजस्थान भाजपा के महामंत्री बजरंगलाल शर्मा, प्रदेश भाजपा प्रवक्ता पूजा कपिल मिश्रा, सेवानिवृत आईएएस जीपी शुक्ला, सेवानिवृत आईपीएस लक्ष्मण गौड़, राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष हरिप्रसाद शर्मा, एसडी शर्मा पूर्व मंत्री देवस्थान बोर्ड अतिथि के रुप में शामिल होंगे।

संतों का मिलेगा सानिध्य
महाकुंभ में बड़ा भक्तमाल अयोध्या धाम के पीठाधीश्वर स्वामी अवधेश कुमाराचार्य महाराज, कालीघाट पीठाधीश्वर डॉ. स्वामी राधेचेतन महाराज, मंगलेश्वरी मठ के संस्थापक तथा आनंद धाम के पीठाधीश्वर महंत रंजीतानंद महाराज, गोदावरी धाम के व्यवस्थापक बाबा शैलेंद्र भार्गव, संत गिर्राज धाम झालीपुरा वाले, कोल्लम शक्तिपीठ की माताजी नीति अंबा जी, जगदीशानंद महाराज समेत बड़ी संख्या में संत महंत उपस्थित रहेंगे।