देश को 5वीं वंदे भारत ट्रेन की सौगात, जानिए रूट से लेकर किराया तक

0
172
पीएम मोदी ने शुक्रवार को केएसआर रेलवे स्टेशन पर चेन्नई-मैसूर वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

नई दिल्ली। Vande Bharat Express: रेल से सफर करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। केंद्र सरकार ने देश को एक और वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का तोहफा दिया है। पीएम मोदी ने शुक्रवार को दक्षिण भारत की पहली और देश की 5वीं वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। पीएम मोदी बेंगलुरु में केएसआर रेलवे स्टेशन पर पहुंचे और उन्होंने चेन्नई-मैसूर वंदे भारत ट्रेन की सौगात दी।

चेन्नई-मैसूर वंदे भारत ट्रेन का रूट: देश की पांचवीं वंदे भारत चेन्नई-बेंगलुरु और मैसूर रूट पर दौड़ेगी। वंदे भारत इस रूट पर करीब 500 किमी का सफर तय करेगी। ये ट्रेन बुधवार को छोड़कर बाकी सभी दिन चलेगी। ट्रेन नंबर 20607 सुबह 05:50 बजे चेन्नई सेंट्रल स्टेशन से रवाना होगी। दोपहर 12 बजकर 20 मिनट पर ये मैसूर जंक्शन पहुंचेगी। इस दौरान यह काटपाड़ी जंक्शन, केएसआर बेंगलुरु पर रुकेगी। वहीं, मैसूर जंक्शन से वंदे भारत दोपहक 1 बजकर 5 मिनट पर रवाना होगी। रात साढ़े सात बजे ये ट्रेन अपने गंतव्य चेन्नई सेंट्रल स्टेशन पहुंचेगी।

साढ़े 6 घंटे में पूरा होगा सफर: चेन्नई सेंट्रल स्टेशन से मैसूर जंक्शन स्टेशन की दूरी करीब 500 किमी है। वंदे भारत करीब साढ़े 6 घंटे में सफर पूरा करेगी। चेन्नई से बेंगलुरु तक का सफर साढ़े चार घंटे में ही पूरा हो जाएगा। रेलवे अधिकारी ने बताया कि यह ट्रेन 160 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से चल सकती है।

क्या है किराया: वंदे भारत में एसी चेयर कार से चेन्नई-मैसूर तक के सफर के लिए आपको 1200 रुपये चुकाने होंगे। वहीं, एग्जीक्यूटिव चेयर कार सीट का किराया 2295 रुपये होगा।

देश में पांचवीं वंदे भारत ट्रेन: बता दें कि इससे पहले चार वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाई जा चुकी है। देश में पहली वंदे भारत ट्रेन नई दिल्ली से वाराणसी रूट पर शुरू हुई थी। दूसरी वंदे भारत ट्रेन को नई दिल्ली से कटड़ा रूट पर शुरू किया गया था। इसके बाद गांधीनगर-मुंबई रूट पर एक और वंदे भारत ट्रेन शुरू हुई। बीते महीने पीएम मोदी ने ऊना-नई दिल्ली रूट पर एक और वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाई।