सेंसेक्स 198 अंक सुधर कर 58,664 पर बंद; Paytm 9.90% बढ़ा

0
253

मुंबई। हफ्ते के दूसरे कारोबारी दिन मंगलवार को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 198 पॉइंट्स (0.34%) तेजी के साथ 58,664 पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 87 अंक (0.5%) तेजी के साथ 17,503 पर बंद हुआ। दो दिन तक 39% टूटने के बाद पेटीएम का शेयर 9.9% बढ़त के साथ 1494 रुपए पर बंद हुआ।

BSE सेंसेक्स ने दिन में 58,834 का हाई बनाया जबकि 57,718 का निचला स्तर बनाया। निफ्टी ने 17,553 का हाई बनाया और 17,216 का निचला स्तर बनाया।इससे पहले आज सुबह सेंसेक्स 482 पॉइंट्स नीचे 57,983 पर खुला था। हालांकि पहले ही मिनट में यह 744 अंक टूटकर 57,718 का निचला स्तर बना लिया था। सेंसेक्स के 30 शेयर्स में से 9 शेयर्स गिरावट में जबकि 21 शेयर्स बढ़त के साथ बंद हुए। बढ़ने वाले प्रमुख शेयर्स में पावरग्रिड करीबन 4% बढ़ा जबकि एनटीपीसी, टाटा स्टील और भारती एयरटेल 2-2% से ज्यादा बढ़कर बंद हुए।

गिरावट वाले शेयर्स में इंडसइंड और एशियन पेंट्स 2-2% से ज्यादा गिरे जबकि मारुति, एक्सिस बैंक और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर मामूली गिरावट में रहे। लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 263.96 लाख करोड़ रुपए रहा।

मिड और स्माल कैप इंडेक्स बढ़त में
BSE के मिड और स्माल कैप इंडेक्स बढ़त में कारोबार बंद हुए। निफ्टी के 50 शेयर्स में से 10 गिरावट में बंद हुए जबकि 40 बढ़त के साथ बंद हुए। बढ़त वाले शेयर्स में JSW स्टील, ब्रिटानिया, कोल इंडिया और टाटा मोटर्स हैं। गिरने वाले शेयर्स में रिलायंस, ONGC, इंफोसिस और ICICI बैंक हैं।