किसान आत्मनिर्भर होगा तभी देश सशक्त होगा : लोकसभा अध्यक्ष बिरला

0
282

कोटा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि किसान अन्नतदाता के रूप में समाज की सेवा करता है। किसान यदि आत्मनिर्भर होगा तब ही देश सशक्त हो पाएगा। सरकार ने इसके लिए कई योजनाएं बनाई हैं, जिनकी जानकारी और लाभ उन तक पहुंचाने के लिए सक्रियता से कार्य किया जा रहा है। वे शनिवार को उनसे मिलने राजस्थान और मध्यप्रदेश के किसानों से संवाद कर रहे थे।

किसानों ने लोकसभा अध्यक्ष बिरला को खेती से जुड़ी समस्याओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अफीम की खेती में विभागीय प्रक्रियाओं के कारण उन्हें काफी जटिलताओं का सामना करना पड़ता है। इन जटिलताओं को दूर करवाने की आवश्यकता है। बिरला ने उन्हें आश्वस्त किया कि जैसे ही वे दिल्ली लौटेंगे इन समस्याओं को दूर करने का प्रयास किया जाएगा।

किसानों की अन्य समस्याओं पर चर्चा करते हुए लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने कहा कि किसानों परिवारों में वृद्धि के साथ ही बंटवारे के कारण रकबा कम होता जा रहा है। ऐसे में किसान परिवारों की आय बनाए रखने के लिए हमें आधुनिक खेती की ओर आगे बढ़ना होगा। किसान ऐसे बीज उपयोग करें जो कम जगह में अधिक उपज देते हों। उन्हें यह बीज दिलवाना मेरी जिम्मेदारी है।

इसके अलावा किसानों को प्रगतिशील और प्रशिक्षित करने के लिए पूसा और आईसीआरएफ जैसी प्रतिष्ठित संस्थाओं के विशेषज्ञों को भी कोटा बुलाया जाएगा। उन्होंने किसान संगठनों का आव्हान किया कि वे प्रत्येक गांव में 10 से 20 ऐसे प्रगतिशील किसानों को चिन्हित करें जो प्रशिक्षण प्राप्त कर पूरे गांव के किसानों की मदद करने को तैयार हों।

बिरला ने कहा कि पूरे विश्व में कृषि के ट्रेंड में अब बदलाव आया है। पहले किसान कृषि की पारंपरिक प्रक्रिया अपनाने के साथ उस फसल की खेती को प्राथमिकता देता था, जिसे वह वर्षों से करता आ रहा है। परन्तु प्रगतिशील किसान अब वह फसल कर रहे हैं जिसकी मांग है और जो कम लागत में अधिक मुनाफा दे रही है। हमारे किसानों को भी अपनी मानसिकता में बदलाव लाते हुए इसी दिशा में अग्रसर करना होगा।

संसदीय क्षेत्र में बांटेंगे 50 हजार फलदार पौधे
बिरला ने बताया कि पिछले दिनों पूसा के विशेषज्ञों से चर्चा के बाद उन्होंने संसदीय क्षेत्र के लिए 50 हजार फलदार पौधे उपलब्ध करवाने के लिए कहा है। यह पौधे दो से तीन वर्ष में ही बेहतर क्वालिटी का फल देने लगते हैं। किसान इन वृक्षों को अपने खेत की मेढ़ पर लगाकर फलों से अतिरिक्त आय प्राप्त कर सकते हैं। संसदीय क्षेत्र में किसानों को यह पौधे निशुल्क वितरित किए जाएंगे।

सर्वे के समय जागरूकता आवश्यक
अतिवृष्टि के कारण किसानों को हुए नुकसान के संबंध में बिरला ने कहा कि गृहमंत्री अमित शाह से हुई चर्चा के बाद केंद्र सरकार की टीम नुकसान का जायजा ले चुकी है। अब राज्य सरकार की रिपोर्ट का इंतजार है। सर्वे के दौरान ग्रामीण जागरूक रहें तथा गांव के प्रत्येक व्यक्ति को हुए नुकसान की जानकारी रिकाॅर्ड में दर्ज करवाएं। सर्वे के समय दिखाई गई जागरूकता से ही किसानों और ग्रामीणों को पूरा मुआवजा मिल पाएगा।