राजस्थान में अनलॉक-3 की गाइडलाइन मंजूर, बाजार खुलने का समय बढ़ना तय

0
474

जयपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट के खेमों में चल रही खींचतान के बीच गहलोत कैबिनेट की वर्चुअल बैठक में अनलॉक-3 की गाइडलाइन को मंजूरी दी गई है। कैबिनेट में कोरोना की तीसरी लहर से निपटने और डेल्टा प्लस वैरियंट मिलने के के बाद आगे की योजना पर विस्तार से चर्चा की गई। नई गाइडलाइन अब कभी भी जारी हो सकती है।

कैबिनेट की बैठक में गृह विभाग की अनलॉक-3 की ड्राफ्ट गाइडलाइन को मंजूरी दी गई। 30 जून को केंद्र की गाइडलाइन की अवधि भी हो रही है। नई गाइडलाइन में धार्मिक केंद्रों और सिनेमाघर मल्टीप्लेक्स खोलने, बाजारों का समय बढ़ाने और सरकारी दफ्तरों में 100 प्रतिशत कर्मचारियों को रूटीन समय में बुलाने का फैसला तय माना जा रहा है। प्रदेश में कोरोना के एक्टिव केस दो हजार रह गए हैं, हर दिन रिकवरी भी अच्छी है। ऐसे में सरकार ने पाबंदियों में ढील देने का फैसला किया है।

कर्फ्यू का समय कम होगा
बाजारों का समय बढ़ने के साथ कर्फ्यू का समय भी कम होना तय माना जा रहा है। अब केवल नाइट कर्फ्यू का मॉडल अपनाया जा सकता है। फिलहाल 5 बजे से कर्फ्यू लग जाता है।

सिनेमाघरों, मल्टीप्लेक्स खोलने की मिलेगी अनुमति
गृह विभाग ने सभी सिनेमाघरों और मल्टीपलेक्स से सिटिंग प्लान मांगा था। सिनेमाघरों और मल्टीप्लेक्स को शर्तों के साथ खोलने की इजाजत मिलेगी। पहले फेज में आधे या इससे कम दर्शकों के साथ अनुमति दी जाएगी।

बाजार खोलने का समय बढ़ेगा
कोरोना के मामले लगातार कम होते रहने पर बाजारों के खुलने का समय भी दो घंटे बढाए जाने के आसार है। अभी 4 बजे तक ही बाजार खुल रहे हैं, आगे इसे बढ़ाकर 6 बजे तक किया जा सकता है। बाजारों का समय बढ़ाने के साथ रोजाना शाम पांच बजे से सुबह 5 बजे तक लगने वाले कर्फ्यू के समय को भी घटाया जाएगा। अब नाइट कर्फ्यू ही रह सकता है। 5 बजे की जगह कर्फ्यू अब शाम 7 या 8 बजे से लागू किया जा सकता है।

1 जुलाई से शादी समारोह पर लगा प्रतिबंध हटेगा
1 जुलाई से प्रदेश भर में शादी समारोह पर लगा प्रतिबंध हटाने की तैयारी है। कोरोना बढ़ने के बाद सरकार ने 30 जून तक शादी समारोह पर पाबंदी लगा दी थी। अब ये पाबंदी हटाई जाएगी। शादी समारोह पर पहले फेज में मेहमानों की संख्या की लिमिट 50 या इससे कम ही रह सकती है। बैंड बाजा, बारात निकालने, मैरिज गार्डन, मैरिज इवेंट पर लगी रोक हट जाएगी।

पूरे कर्मचारियों के साथ खुलेंगे सरकारी दफ्तर
सरकारी दफ्तरों में सभी कर्मचारियों को बुलाने की मंजूरी मिलने के आसार हैं। अभी आधे कर्मचारियों के साथ 4 बजे तक ही खुलते हैं। अब पूरे कर्मचारियों के साथ सभी सरकारी दफ्तरों में शाम 6 बजे तक काम करने की छूट मिलना तय है।