यात्रियों को जिंदा बचाने वाले पायलट को जान से मारने का था प्लान, हमलावर ने कबूला

0
39

नई दिल्ली। भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार ने बहुत बड़ी तबाही टाल दी। बीते दिनों दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में स्मित मच्छार पर जानलेवा हमला करने वाले ओमानी मूल के को-पायलट हमाम अल-हम्मामी को लेकर जांच में बेहद खौफनाक और चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं।

जांच एजेंसियों के मुताबिक आरोपी ने सुनियोजित तरीके से घटना को अंजाम देने की साजिश रची थी। साजिश के तहत पहले स्मित को जान से मारने की प्लानिंग थी। फिर पूरे विमान को इजरायली एयरपोर्ट पर किसी दूसरे विमान या बड़ी इमारत से क्रैश कराने की योजना थी। ऐसा होता तो विमान में सवार करीब 180 लोगों के अलावा भी सैंकड़ों जाने जा सकती थीं।

हमाम अल-हम्मामी ने खुद कबूला किया कि उसने एयरलाइन में शामिल होने से पहले ही इस हमले का खाका तैयार कर लिया था। उसने उन एयरलाइंस की रिसर्च की जो इजरायल के लिए सीधी उड़ानें संचालित करती हैं, ताकि वह आसानी से निशाने तक पहुंच सके।

हम्मामी का इरादा कैप्टन स्मित मछार को कॉकपिट के अंदर मारकर विमान का पूरा नियंत्रण हासिल करना था। इसके बाद वह विमान को तेल अवीव के बेन गुरियन इंटरनेशनल एयरपोर्ट की इमारतों या रनवे पर खड़े विमानों से, या शहर की किसी भी गगनचुंबी इमारतों से टकराना चाहता था।

प्लान B भी तैयार था
खतरनाक मंसूबे रखने वाले आरोपी के पास प्लान B भी तैयार था। रिपोर्ट्स के मुताबिक अगर वह इजरायली हवाई क्षेत्र तक नहीं पहुंच पाता तो उसने विमान को जॉर्डन में स्थित अमरीकी सैन्य अड्डे से टकराने की बैकअप योजना बनाई थी। यही नहीं उसने खुलासा किया कि वह जुलाई में ही इस आत्मघाती हमले को अंजाम देने वाला था, लेकिन क्रू के एक सदस्य के साथ उसकी दोस्ती हो गई थी। इसीलिए वह धर्मसंकट में फंस गया था और आखिरी घड़ी में अपना प्लान टाल दिया था।

कुल्हाड़ी से किया था जानलेवा वार
इटली के एक अखबार ने बताया कि आरोपी ने इस खतरनाक योजना को इतनी तेजी से लागू किया कि लड़ाकू विमान भी इसमें दखल नहीं दे पाते। रिपोर्ट के मुताबिक हम्मामी ने पहले पायलट स्मित मच्छार के सिर और हाथ पर विमान में आपातकालीन स्थिति के लिए रखी कुल्हाड़ी से वार कर दिया। इससे स्मित का हाथ लगभग कट कर अलग हो गया था। स्मित को गिराने के बाद हम्मामी ने कंट्रोल स्टिक के साथ छेड़छाड़ करके और फिर दोनों इंजन बंद करके विमान को क्रैश करने की कोशिश की। लेकिन इस बीच बुरी तरह घायल होने के बावजूद मच्छार ने किसी तरह हिम्मत कर कॉकपिट का दरवाजा खोला। इसके बाद कुछ यात्री और क्रू मेंबर्स कॉकपिट में घुसे और विमान को सुरक्षित उतारा गया।

जांच जारी
द यरूशलम पोस्ट के एक सूत्र ने बताया कि इजरायली अधिकारी इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या हम्मामी एक लोन वुल्फ यानी अकेले काम करने वाला इंसान था, जिसने किसी आतंकी समूह के आदेश पर नहीं, बल्कि अपनी मर्जी से विमान को दुर्घटनाग्रस्त करने की कोशिश की थी। इससे पहले सुरक्षा में खामियों की बात भी सामने आई है। कोरिएरे डेला सेरा के मुताबिक हम्मामी ने पहले ओमान एयर के लिए काम किया था, लेकिन इस्लामिक चरमपंथ के करीब माने जाने वाले विचारों के कारण उन्हें नौकरी से निकाल दिया गया था। इसके बावजूद आठ महीने पहले उसे फ्लाईदुबई ने नौकरी पर रखा था।