E20 पेट्रोल से वाहनों के माइलेज गिरने के दावों को सरकार ने पूरी तरह किया खारिज

0
4

नई दिल्ली। E20 Petrol Mileage: केंद्र सरकार ने E20 पेट्रोल के परीक्षण की जांच रिपोर्ट भले ही सार्वजनिक नहीं की हो, लेकिन एथेनॉल निर्माता कंपनियों के दबाव में बार बार एक ही बात बोल रही है, इससे माइलेज नहीं घटता।

E20 यानी 20% इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल से गाड़ियों के माइलेज में आ रही गिरावट की शिकायतों के बीच केंद्र सरकार ने स्थिति स्पष्ट की है। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने कहा है कि वाहनों के माइलेज में बदलाव के लिए केवल E20 पेट्रोल को जिम्मेदार ठहराना सही नहीं है।

मंत्रालय के अनुसार, वास्तविक परिस्थितियों में माइलेज कई अन्य कारकों पर भी निर्भर करता है, जिनमें ड्राइविंग की आदतें, ट्रैफिक की स्थिति, गाड़ी का सही मेंटेनेंस, टायरों में हवा का दबाव और एयर-कंडीशनर (AC) का इस्तेमाल शामिल हैं।

सरकार ने बताया कि E20 पेट्रोल को लॉन्च करने से पहले इसका गहन परीक्षण किया गया है। इसमें इंजन की मजबूती, ड्राइवेबिलिटी, स्टार्टेबिलिटी, पार्ट्स की कंपैटिबिलिटी और जंग से सुरक्षा जैसे मानकों को जांचा गया है। सरकार ने पहले भी यह माना है कि E10 के हिसाब से बनी पुरानी गाड़ियों में E20 के इस्तेमाल से 3 से 5 प्रतिशत तक माइलेज में मामूली कमी आ सकती है।

मिलावट के दावे खारिज

  • सरकार और सरकारी तेल कंपनियों ने E20 पेट्रोल में कथित मिलावट या दूषित ईंधन की शिकायतों को लेकर भी स्थिति स्पष्ट की है।
  • इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम ने बताया कि देशभर में किए गए परीक्षणों में E20 पेट्रोल में क्लोराइड की अधिक मात्रा या जरूरत से ज्यादा नमी का कोई सबूत नहीं मिला।
  • तेल कंपनियों के मुताबिक, रिफाइनरियों से लिए गए 100 से ज्यादा पेट्रोल सैंपल में क्लोराइड का स्तर एक पार्ट प्रति मिलियन (PPM) या उससे कम पाया गया।
  • 80 डिस्टिलरियों से लिए गए इथेनॉल सैंपल और डिपो व टर्मिनल से लिए गए 80 से ज्यादा E20 सैंपल में क्लोराइड की मात्रा निर्धारित तीन PPM की सीमा से कम रही।
  • तेल कंपनियों ने करीब 90,000 पेट्रोल पंपों पर भूमिगत स्टोरेज टैंकों की जांच भी की। कंपनियों का कहना है कि इन जांचों में टैंकों में पानी घुसने का कोई मामला नहीं मिला।

मंत्री बोले- E20 ईंधन पूरी तरह सुरक्षित
पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी और ऑटोमोबाइल निर्माताओं ने भी स्पष्ट किया है कि E20 ईंधन निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरी तरह सुरक्षित है और इससे वाहनों के इंजन को कोई स्थायी नुकसान नहीं पहुंचता है।

E20 पेट्रोल में मिलावट पर भी पेट्रोलियम मंत्री ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि तेल विपणन कंपनियों (OMCs) ने पेट्रोल पंपों पर ईंधन की कड़ी जांच की है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पेट्रोल में मिलावट के केवल कुछ ही मामले सामने आए हैं।