कोटा-बूंदी के दुग्ध उत्पादकों को 7.72 करोड़ रुपये की मिलेगी प्रोत्साहन राशि: राठौड़

0
9

कोटा। हाड़ौती के दुग्ध उत्पादक पशुपालकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। मुख्यमंत्री दुग्ध उत्पादक संबल योजना के तहत कोटा-बूंदी दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ से जुड़े पात्र दुग्ध उत्पादकों को 7.72 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि मिलेगी। 16 अगस्त को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह राशि का हस्तांतरण करेंगे। इसके बाद पात्र पशुपालकों के बैंक खातों में राशि सीधे डीबीटी के माध्यम से पहुंचाई जाएगी।

पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत ने कोटा-बूंदी दुग्ध संघ के अध्यक्ष चैन सिंह राठौड़ से शिष्टाचार भेंट के दौरान यह जानकारी दी। बताया गया कि दुग्ध उत्पादकों से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय को मुख्यमंत्री की कैबिनेट बैठक में रखा गया और निर्णय को पारित भी करवाया गया। इससे पात्र पशुपालकों को संबल योजना की राशि मिलने का रास्ता साफ हुआ है।

मंत्री कुमावत और राठौड़ के बीच दुग्ध उत्पादकों के हितों, संघ की गतिविधियों तथा डेयरी क्षेत्र के विस्तार को लेकर भी चर्चा हुई। राठौड़ ने बताया कि संबल योजना की राशि पशुपालकों के लिए आर्थिक सहारा बनेगी। दूध का उचित मूल्य और समय पर प्रोत्साहन राशि मिलने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

राठौड़ ने बताया कि कोटा संघ सदस्य परिवारों की बेटियों के विवाह में आर्थिक सहयोग के लिए ‘सरस लाडो मायरा’ योजना को भी स्वीकृति दी गई है। इसके तहत सदस्य परिवार की पुत्री के विवाह पर 21 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

राठौड़ के अनुसार चालू वित्तीय वर्ष की प्रथम तिमाही के अंत तक संघ ने 49.27 लाख रुपये का लाभ अर्जित किया है। इस अवधि में आवश्यक पूंजीगत निवेश भी किए गए हैं। इससे डेयरी गतिविधियों के विस्तार और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने में मदद मिलेगी।