हाड़ोती पर्यटकों के बीच नए एवं आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में हो रहा लोकप्रिय

0
30

11 राज्यों से आए 50 से अधिक टूर ऑपरेटरों ने बूंदी में स्वागत के दौरान कहा

कोटा/बूंदी होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान, कोटा एवं उदयपुर डिवीजन, इंडिया आउटा बॉक्स एवं कलर्स ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित फैमिलियराइजेशन (फेम) टूर के अंतर्गत देशभर से आए टूर ऑपरेटरों का बुधवार को हाड़ोती के प्रवेश द्वार बूंदी स्थित एक रिसोर्ट में पारंपरिक एवं भव्य स्वागत किया गया।

होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी एवं महासचिव संदीप पाडिया ने बताया कि उदयपुर संभाग के तीन दिवसीय पर्यटन भ्रमण के उपरांत यह दल 5 से 8 अगस्त तक हाड़ोती क्षेत्र के प्रमुख पर्यटन स्थलों का अवलोकन करेगा।

इस दौरान टूर ऑपरेटरों को बूंदी के तारागढ़ दुर्ग, नवल सागर, चौरासी खंभों की छतरी, जैत सागर, सुख महल, रानीजी की बावड़ी सहित अन्य ऐतिहासिक स्थलों तथा कोटा के चंबल रिवर फ्रंट, सिटी पार्क, सेवन वंडर्स, किशोर सागर, गढ़ पैलेस, मां त्रिकूटा मंदिर, चंबल सफारी एवं मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व सहित प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा।

बूंदी में आयोजित स्वागत समारोह में जिला कलेक्टर हरफूल सिंह यादव, जिला पुलिस अधीक्षक अवनीश शर्मा, नगर परिषद आयुक्त बृजेश कुमार, सहायक पर्यटन अधिकारी शरद व्यास, प्रेम शंकर, पर्यटन विभाग कोटा के सहायक निदेशक संदीप श्रीवास्तव, इंटैक के कन्वीनर निखलेश सेठी बूंदी ईकाई के वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रदीप चांदवानी, उपाध्यक्ष मुकेश श्रृंगी, सचिव लोकेश सुखवाल, कोषाध्यक्ष भगवान मंडावरा सहित होटल फेडरेशन की कोटा, बूंदी, बारां एवं झालावाड़ इकाइयों के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी टूर ओपरेटर्स व अतिथियों का दुपट्टा, माल्यार्पण कर एवं ढोल-नगाड़ों के साथ हाड़ोती की पारंपरिक संस्कृति के अनुरूप आत्मीय स्वागत किया गया।

अशोक माहेश्वरी ने बताया कि कोटा-हाड़ोती ट्रेवल मार्ट के सफल आयोजन के बाद क्षेत्र में पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। हाल ही में 2 से 5 अगस्त के दौरान मुंबई की प्रसिद्ध टूर ऑपरेटर रूपल शाह के नेतृत्व में महाराष्ट्र एवं गुजरात की 30 से अधिक महिला पर्यटकों के समूह ने हाड़ोती के पर्यटन स्थलों का भ्रमण किया और यहां की प्राकृतिक एवं ऐतिहासिक धरोहर की सराहना की। इस अवसर पर कोटा स्थित एक होटल में संभाग अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी द्वारा पारंपरिक स्वागत कर स्मृति चिन्ह एवं स्मारिका भेंट की गई।

मुंबई से आई टूर ऑपरेटर एवं समूह लीडर रूपल शाह ने कहा कि कोटा- हाड़ोती ट्रेवल मार्ट में भागीदारी के बाद वे लगातार महाराष्ट्र एवं गुजरात में हाड़ोती पर्यटन का प्रचार-प्रसार कर रही हैं।

उन्होंने बताया कि हाड़ोती अब पर्यटकों के बीच एक नए एवं आकर्षक पर्यटन गंतव्य के रूप में तेजी से लोकप्रिय हो रही है। देशभर के टूर ऑपरेटरों के माध्यम से हाड़ोती की विभिन्न पर्यटन आइटनरी तैयार कर उसका व्यापक प्रचार किया जा रहा है।

इस फेम टूर में दिल्ली, मुंबई, कल्याण, उदयपुर, वडोदरा, पुणे, ओरछा, करनाल, गोरखपुर, ठाणे, गुवाहाटी, राजकोट, सिलीगुड़ी, बिलासपुर, जबलपुर, जोधपुर, इंदौर, केरल, लखनऊ एवं आगरा सहित देश के विभिन्न शहरों से 50 से अधिक टूर ऑपरेटर भाग ले रहे हैं।

होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान उदयपुर एवं कोटा डिवीजन द्वारा मेवाड़–हाड़ोती सर्किट की सात दिवसीय पर्यटन आइटनरी तैयार की जाएगी, जिसमें उदयपुर, नाथद्वारा, श्री सांवरिया सेठ, चित्तौड़गढ़, बूंदी एवं कोटा को शामिल किया जाएगा। इसके अतिरिक्त हाड़ोती को आगरा, भरतपुर, रणथंभौर एवं जोधपुर पर्यटन सर्किट से जोड़ने तथा जयपुर संभाग के साथ पाँच दिवसीय अलग पर्यटन आइटनरी विकसित करने की भी योजना है।

उन्होंने बताया कि 6, 7 एवं 8 अगस्त को कोटा प्रवास के दौरान इन सभी टूर ऑपरेटरों का विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से भव्य स्वागत किया जाएगा तथा उन्हें हाड़ोती की पर्यटन संभावनाओं से विस्तार से परिचित कराया जाएगा।