कोटा के खेल स्टेडियम में दो नए एथलेटिक्स ट्रैक बनाए जांएंगे : खेल मंत्री मांडविया

0
6

लोकसभा अध्यक्ष बिरला की पहल पर कोटा का ईएसआई अस्पताल होगा हाईटेक

नई दिल्ली। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बुधवार को केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया के साथ नई दिल्ली स्थित संसद भवन में बैठक कर कोटा में खेल सुविधाओं के विस्तार तथा खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विस्तृत चर्चा की।

बैठक में श्री बिरला ने कहा कि कोटा के खेल स्टेडियम में दो नए एथलेटिक्स ट्रैक बनाए जाने की आवश्यकता है। हाल ही में उन्होंने कोटा में खेल प्रतिभाओं से संवाद कर उनकी आवश्यकताओं पर चर्चा की है।

श्री बिरला ने कहा कि कोटा को खेल प्रतिभाओं के सशक्त केंद्र के रूप में विकसित करने, आधुनिक खेल परिसरों का निर्माण, मौजूदा खेल सुविधाओं का उन्नयन तथा विभिन्न खेल विधाओं के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है।

श्री मांडविया के साथ कोटा में खेल सुविधाओं के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण के रोडमैप पर चर्चा करते हुए उन्होंने इसे प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के लिए कहा।

बैठक में खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, अत्याधुनिक उपकरण, प्रशिक्षकों की उपलब्धता तथा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।

श्री बिरला ने कहा कि कोटा में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। यदि उन्हें आधुनिक सुविधाएं और उचित प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाए तो वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर सकते हैं।

केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने कोटा में खेलों के विकास के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि केंद्र सरकार खेल संस्कृति को बढ़ावा देने तथा देशभर में विश्वस्तरीय खेल सुविधाओं के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

ईएसआई अस्पताल होगा हाईटेक
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने चर्चा के दौरान कोटा के ईएसआई अस्पताल में रिक्त पदों को शीघ्र भरने की आवश्यकता पर भी बल दिया। अस्पताल में अत्याधुनिक मशीनें और हाईटेक चिकित्सा उपकरण जल्द ही उपलब्ध कराई जाएगी। यह बैठक कोटा को देश के प्रमुख खेल केंद्रों में विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।