नई दिल्ली। Stock Market This Week:भारतीय शेयर बाजार के लिए नया कारोबारी हफ्ता काफी अहम रहने वाला है। बाजार के जानकारों का कहना है कि इस सप्ताह रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) की ब्याज दरों पर होने वाली घोषणा, पश्चिम एशिया में अमेरिका-ईरान के बीच जारी तनाव और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव जैसे बड़े घटनाक्रम निवेशकों की चाल और बाजार की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएंगे।
इसके अलावा, कंपनियों के पहली तिमाही (Q1 FY27) के नतीजे और विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) की खरीदारी-बिकवाली पर भी बाजार की कड़ी नजर रहेगी।
रेलिगेयर ब्रोकिंग लिमिटेड के रिसर्च SVP अजीत मिश्रा के अनुसार, 3 से 5 अगस्त तक होने वाली RBI की मौद्रिक नीति समिति (MPC) की बैठक इस सप्ताह बाजार के लिए सबसे अहम घरेलू घटनाक्रम होगी। इसके अलावा कई बड़ी और मिडकैप कंपनियां भी अपने तिमाही नतीजे जारी करेंगी। वहीं वैश्विक स्तर पर अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ता तनाव और प्रमुख समुद्री मार्गों से कच्चे तेल की सप्लाई की स्थिति पर भी निवेशकों की नजर बनी रहेगी।
एनरिच मनी के CEO पोनमुडी आर. का कहना है कि अगर पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव बढ़ता है, तो इसका सीधा असर कच्चे तेल की कीमतों पर पड़ सकता है। वहीं, मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के रिसर्च प्रमुख सिद्धार्थ खेमका के मुताबिक, मजबूत घरेलू आर्थिक आंकड़े और कंपनियों के अच्छे तिमाही नतीजे भारतीय शेयर बाजार में सकारात्मक माहौल बनाए रखने में मदद कर सकते हैं।
इस सप्ताह कई बड़ी कंपनियां अपने तिमाही नतीजे जारी करेंगी। इनमें डीएलएफ (DLF), भारती एयरटेल, ओएनजीसी (ONGC), हीरो मोटोकॉर्प, एलआईसी (LIC) और भारतीय स्टेट बैंक (SBI) शामिल हैं। इसके अलावा निवेशकों की नजर भारत के मैन्युफैक्चरिंग और सर्विसेज पीएमआई (PMI) आंकड़ों पर भी रहेगी।
गौरतलब है कि लगातार चार महीने तक बिकवाली करने के बाद विदेशी निवेशकों ने जुलाई में भारतीय शेयर बाजार में 20,200 करोड़ रुपये का निवेश किया है, जिससे बाजार में उनकी वापसी हुई है।
पिछले सप्ताह शेयर बाजार में भी शानदार तेजी देखने को मिली थी। बीएसई का सेंसेक्स 2,034.87 अंक यानी 2.67 प्रतिशत चढ़ा, जबकि एनएसई का निफ्टी 616.15 अंक या 2.59 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ।

