Weekly Report: बीते सप्ताह सोयाबीन तेल के भारी आयात से कीमतों में गिरावट रही

0
8

नई दिल्ली। Soybean Weekly Report: विदेशों से सोयाबीन तेल का भारी आयात जारी रहने तथा अंतर्राष्ट्रीय निर्यात बाजार में भारतीय सोयामील की प्रतिस्पर्धी क्षमता घट जाने से 25-31 जुलाई वाले सप्ताह के दौरान ऊंचे दाम पर सोयाबीन की खरीद में क्रशर्स / प्रोसेसर्स की दिलचस्पी कमजोर पड़ गई।

इसके फलस्वरूप तीनों शीर्ष उत्पादक राज्यों- मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र एवं राजस्थान में सोयाबीन के प्लांट डिलीवरी मूल्य में 100 से 350 रुपए प्रति क्विंटल तक की गिरावट दर्ज की गई। महाराष्ट्र में धुलिया के एक प्लांट में भाव 330 रुपए तथा नंदूरबार के एक प्लांट में 420 रुपए प्रति क्विंटल नीचे आ गया।

इसका असर सोया रिफाइंड तेल के दाम पर भी देखा गया और उसमें प्रति 10 किलो पर मध्य प्रदेश में 10 से 25 रुपए तथा महाराष्ट्र के प्लांटों में 15 से 40 रुपए तक की गिरावट दर्ज की गई। इसका भाव कांडला में 15 रुपए फिसलकर 1450 रुपए प्रति 10 किलो, हल्दिया में 23 रुपए गिरकर 1440 रुपए प्रति 10 किलो, कोटा में 25 रुपए घटकर 1485 रुपए प्रति 10 किलो तथा मुम्बई में 40 रुपए लुढ़ककर 1440 रुपए रह गया।

प्रमुख उत्पादक राज्यों की मंडियों में 27 जुलाई को 1.40 लाख बोरी सोयाबीन की आवक हुई जो 28 जुलाई को गिरकर 1.15 लाख बोरी तथा 29 जुलाई को घटकर 50 हजार बोरी पर आने के बाद 30 जुलाई को सुधरकर 1.10 लाख बोरी पर पहुंच गई। सोयाबीन की प्रत्येक बोरी 100 किलो (1 क्विंटल) की होती है।

सोयाबीन का उत्पादन क्षेत्र गत वर्ष के काफी करीब पहुंच गया है और अभी फसल की हालत संतोषजनक बताई जा रही है। चालू माह (भारत) का मौसम एवं मानसून इस महत्वपूर्ण तिलहन फसल के लिए अत्यन्त महत्वपूर्ण साबित होगा।