इको फ्रेंडली श्री गणपति क्लब का 45 दिवसीय जन जागरण अभियान शुरू

0
12

महामंडलेश्वर डॉ. हेमा सरस्वती ने किया जनजागृति रथों का लोकार्पण

कोटा। सर्व हिंदू समाज सोशल क्रांतिकारी महासंघ मुख्य संयोजक अध्यक्ष गोविंद नारायण अग्रवाल के संयोजन में स्थापित ‘इको फ्रेंडली श्री गणपति क्लब’ द्वारा गणपति महोत्सव को पूर्ण रूप से इको-फ्रेंडली बनाने के उद्देश्य से बुधवार को 45 दिवसीय विशाल जन जागरण अभियान का शुभारंभ किया गया।

महामंत्री राजाराम जैन कर्मयोगी के दिशा निर्देशन में तैयार कराए गए रथों का बुधवार को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर मौजी बाबा पावन धाम आश्रम में महामंडलेश्वर डॉ. हेमा सरस्वती द्वारा लोकार्पण किया गया।

इको फ्रेंडली श्री गणपति क्लब के ​ अध्यक्ष डॉक्टर एमएल अग्रवाल ने बताया कि इस अभियान के तहत शहरवासियों से घर-घर और पांडालों में केवल मिट्टी से निर्मित गणपति प्रतिमाएं स्थापित करने की अपील की जाएगी।

गणेश चतुर्थी तक ये रथ प्रतिदिन शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण करते हुए लोगों को पीओपी के दुष्प्रभाव बताएंगे। जन जागृति रथ पर चित्रों, पोस्टरों और लाउडस्पीकर के माध्यम से जन-जन तक प्लास्टर ऑफ पेरिस के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाई जाएगी।

उन्होंने बताया कि ​प्लास्टर ऑफ पेरिस से निर्मित प्रतिमाएं जलाशयों को गंभीर रूप से प्रदूषित करती हैं। जल प्रकृति की सबसे अनमोल संपदा है। यदि जलीय जीवों की सुरक्षा होगी, तभी जल शुद्ध रहेगा। बढ़ते जल प्रदूषण को रोकना हम सभी का नैतिक दायित्व है।

​इस अवसर पर ​संरक्षक मंडल डॉ. अरुणा अग्रवाल, संदीप अग्रवाल (चांदीवाला), संजय गोयल, मयंक अग्रवाल, पंकज गोयल, अनिल खंडेलवाल, दिनेश कुमार बंसल एवं आर.एल. विजय, ​आयोजन समिति सदस्य अनिल कुमार शर्मा, अश्वत्थामा दाधीच, बृजनंदन गौतम, लक्ष्मी नारायण गर्ग, परमानंद गर्ग तथा राजाराम जैन ‘कर्मयोगी’ समेत कईं लोग मौजूद रहे।