कोटा/बून्दी। समर्थन मूल्य पर उपज बेचने की प्रतीक्षा कर रहे किसानों को राहत मिली है। राज्य सरकार ने समर्थन मूल्य पर खरीद की अंतिम तिथि में 7 दिन का विस्तार किया है। इससे उन पंजीकृत किसानों को लाभ मिलेगा जिनकी खरीद प्रक्रिया विभिन्न कारणों से निर्धारित अवधि में पूरी नहीं हो सकी थी।
उल्लेखनीय है कि शनिवार को बून्दी जिले के इंद्रगढ़ प्रवास के दौरान विभिन्न स्थानों पर किसानों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को ज्ञापन सौंपकर खरीद अवधि बढ़ाने की मांग की थी। किसानों ने बताया था कि बड़ी संख्या में पंजीकृत किसानों की तुलन प्रक्रिया लंबित है।
इसके बाद लोकसभा अध्यक्ष ने इस विषय पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से चर्चा की और किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने खरीद अवधि 7 दिन बढ़ाने का निर्णय लिया।
किसानों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार व्यक्त किया है। अवधि बढ़ने से पात्र पंजीकृत किसानों की खरीद प्रक्रिया पूरी हो सकेगी और उन्हें अपनी उपज समर्थन मूल्य पर बेचने का अवसर मिलेगा।

