‘बिजनेस सर्किल’ के मंच से 3 महीनों में 100 करोड़ के व्यापार का संकल्प

0
7

एसएसआई एसोसिएशन कोटा का बिजनेस सर्किल ग्रैंड बिजनेस कॉन्क्लेव आयोजित

कोटा। एसएसआई एसोसिएशन कोटा द्वारा आयोजित बिजनेस सर्किल ग्रैंड बिजनेस कॉन्क्लेव ने कोटा के व्यापारिक एवं औद्योगिक इतिहास में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।

कोटा अब केवल शिक्षा नगरी ही नहीं, बल्कि तेजी से उभरता हुआ बिजनेस और इंडस्ट्रियल हब भी बन रहा है। जिसे इस आयोजन में उमड़े 200 से अधिक उद्यमियों, उद्योगपतियों, स्टार्टअप्स और बिजनेस लीडर्स की ऐतिहासिक उपस्थिति ने पूरी तरह सिद्ध कर दिया।

इस भव्य कॉन्क्लेव में न केवल कोटा बल्कि जयपुर, उदयपुर एवं जोधपुर के बिजनेस डेलिगेट्स ने भी हिस्सा लिया। साथ ही सेंट्रल बैंक और इक्विटास बैंक जैसे प्रतिष्ठित बैंकिंग संस्थानों की सहभागिता ने इस आयोजन को रणनीतिक रूप से और अधिक प्रभावशाली बना दिया।

यह ऐतिहासिक आयोजन एसएसआई एसोसिएशन कोटा द्वारा रोटरी बिजनेस मीट, जेकॉम एवं जीतो के विशेष सहयोग से संपन्न हुआ। इस गठबंधन ने कोटा की विभिन्न बिजनेस कम्युनिटीज को एक ही मंच पर लाकर आपसी समन्वय की नई मिसाल पेश की।

एसएसआई एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक मेहता ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बिजनेस नेटवर्किंग, कोलैबोरेशन और ‘लोकल टू ग्लोबल’ बिजनेस एक्सपेंशन को बढ़ावा देना था।

आयोजन के दौरान विभिन्न औद्योगिक व व्यापारिक समूहों के बीच उच्च स्तरीय बिजनेस मीटिंग्स, टाई-अप्स और फ्यूचर कोलैबोरेशन्स पर विस्तृत चर्चा हुई। जिससे स्थानीय स्तर पर व्यापार के नए द्वार खुले हैं।

​सचिव समीर सूद एवं कोषाध्यक्ष राहुल जैन ने बताया कि “बिजनेस सर्किल” के माध्यम से आगामी 3 महीनों में 100 करोड़ रुपए से अधिक के बिजनेस जनरेशन का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा गया है।

यह इनिशिएटिव कोटा के पूरे बिजनेस इकोसिस्टम को एक बड़ा बूस्ट देगा। जिससे एमएसएमई, ट्रेडर्स, सर्विस प्रोवाइडर्स और युवा उद्यमियों को विकास के अभूतपूर्व अवसर मिलेंगे।

इस मेगा इवेंट के प्रोजेक्ट चेयरमैन कौशल बंसल एवं को-चेयरमैन विभोर लोधा ने पूरे आयोजन का सफल नेतृत्व किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में टीम आरएमबी से अक्षय, देवेंद्र व आशीष; टीम जेकॉम से पीयूष, मन्न, निशा व हार्दिक; और टीम जीतो से पंकज, सिद्धार्थ, ईशान, प्रिंसु व अक्षय का विशेष योगदान रहा।

​इस अवसर पर एसोसिएशन के एडवाइजरी बोर्ड मेंबर्स कमलदीप सिंह मान, विपिन सूद, मनोज राठी, अंकुर गुप्ता, आरके जैन एवं जम्बू जैन की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में शामिल उद्यमियों ने इसे एक “गेम चेंजर प्लेटफॉर्म” बताया, जो स्थानीय व्यवसायों को नेशनल लेवल एक्सपोजर दिलाएगा।

सफलता से उत्साहित होकर एसएसआई एसोसिएशन ने घोषणा की कि आगामी “बिजनेस सर्किल 2.0” को दो दिवसीय मेगा बिजनेस इवेंट के रूप में और भी बड़े स्तर पर आयोजित किया जाएगा। जिसमें पूरे राजस्थान के निवेशक और कॉर्पोरेट लीडर्स जुटेंगे।

अध्यक्ष दीपक मेहता ने अंत में कहा कि यह कोटा के बिजनेस ट्रांसफॉर्मेशन की शुरुआत है और एसएसआई एसोसिएशन भविष्य में भी रोजगार व व्यापार के नए अवसर पैदा करने के लिए निरंतर ऐसे प्रयास जारी रखेगा।