अति आवश्यक सेवाओं के लिए कमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति की जाएगी: डीएसओ

0
26

होटल फेडरेशन एवं कैटरर्स एसोसियेशन ने जिला रसद अधिकारी को बताई अपनी परेशानी

कोटा। होटल फेडरेशन आफ राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला रसद अधिकारी कार्तिकेय मीना से भेंट कर उनको बताया कि कमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति सुधरने की अपील की।

माहेश्वरी ने बताया कि पिछले 8 दिनों से कमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति पूरी तरह से ठप हो गई है। माहेश्वरी ने बताया कि होटल में आने वाले अतिथियों के लिए भी नाश्ता एवं खाना बनाने के लिए हमारे पास गैस उपलब्ध नहीं है, जो भी स्टॉक था वह समाप्त हो चुका है। गैस की अनुपलब्धता को देखते हुए पूरे शहर में इलेक्ट्रिक गैस भट्टी एवं डीजल भट्टी का स्टाक भी खत्म हो चुका है।

उन्होंने बताया कि गैस सिलेंडरों की आपूर्ति नहीं हुई तो आने वाले दिनों में यह व्यवसाय पूरी तरह से बंद हो जाएगा। होटल एवं ढाबे का स्टाफ खाना बनाने के लिए अपने घरों में मौजूद घरेलू सिलेंडरों को लाकर अपने आवश्यक कार्य को संचालित कर रहे हैं, जिस पर भी रसद विभाग द्वारा कार्यवाही की जा रही। वे लोग घरेलू सिलेंडरों का उपयोग भी नहीं कर पा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि इसे व्यवसाईयो की आवश्यक सेवा मानते हुए सिलेंडर उपलब्ध करवाया जाए। हाड़ोती हलवाई कैटर्स एसोसियेशन के अध्यक्ष सचिन माहेश्वरी ने जिला रसद अधिकारी को बताया कि उनके द्वारा शादी- विवाह एवं अन्य समारोह की बुकिंग तो काफी माह पूर्व कर ली जाती है। व्यावसायिक सिलेंडरों की अनुपलब्धता के कारण उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है हलवाई कैटरर्स व्यवसाय ठप होने की कगार पर है। कई शादियां कैंसिल होने की स्थिति में हैं।

कुक स्टाफ एवं विवाह स्थलों को भी लाखों रुपए एडवांस में दिया जा चुका है। अगर वे यह आयोजन नहीं कर पाते हैं, तो उनकी रकम डूबने के साथ-साथ उनके व्यवसाय पर भी विपरीत असर पड़ेगा। अतः विवाह व अन्य समारोह के प्रमाण पेश करने पर उन्हें व्यावसायिक सिलेंडरों का कोटा जारी किया जाना चाहिए।

जिला रसद अधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि किसी भी प्रकार से आवश्यक सेवाओं को बाधित नहीं होने दिया जाएगा। वे पूरी तरह से प्रयास कर रहे हैं कि कुछ कोटा बनाकर निर्धारित व्यावसायिक सिलेंडर की उपलब्धता करवाई जाए। उनका भी प्रयास है कि जनजीवन सामान्य चले और शादी विवाह या किसी भी समारोह की व्यवस्था बनी रहे।