151 गर्भवती महिलाओं की एक साथ भराई गोद, दिया सुखी मातृत्व का आशीर्वाद

0
147

कोटा। रोटरी क्लब की ओर से शनिवार रात को 151 गरीब गर्भवती महिलाओं की एक साथ गोद भराई की रस्म अदा की गई। इसके साथ ही महिलाओं को हेल्दी फूड भी दिए गए। सभी को परिवार नियोजन की शपथ दिलाई गई।

क्लब अध्यक्ष वैशाली भार्गव ने बताया कि रोटरी क्लब शिशु और मातृ सुरक्षा के लिए काम कर रहा है। गर्भवती महिलाएं नियमित जांच करवा कर पौष्टिक आहार लें, ताकि गर्भस्थ शिशु का विकास हो और वह स्वस्थ शिशु को जन्म दे।

क्लब महिला सशक्तिकरण की डाॅयरेक्टर पूनम गोयल ने बताया कि कार्यक्रम में महिलाओं को नारियल, मिठाई और साड़ी देकर महिलाओं की गोद भराई की गई। उन्हें पोषक आहार और डिलिवरी में काम आने वाली चीजें घी, गुड, अजवाइन, बादाम, गोला, मखाने व फल दिए गए।

क्लब के सचिव मुकेश व्यास ने बताया कि कि क्लब द्वारा गर्भवती महिलाओं की देखभाल का यह अनूठा कार्यक्रम है। इस तरह के कार्यक्रम के लिए रोटरी क्लब की प्रशंसा की। क्लब अध्यक्ष वैशाली भार्गव ने बताया कि मां बनना हर स्त्री के लिए एक सौभाग्य की बात है और ईश्वर का दिया हुआ सबसे सुंदर वरदान है। इसलिए हमें लड़के और लड़की में भेद न करके इन्हें ईश्वर का वरदान समझकर उन्हें पढ़ा- लिखा कर एक संस्कारित और शिक्षित नागरिक बनाना चाहिए।

प्रवक्ता संजय गोयल ने बताया कि कार्यक्रम में किन्नर गुरु तारा ने अपनी टीम के साथ शामिल होकर गर्भवती महिलाओं को सुखी मातृत्व का आशीर्वाद प्रदान किया। उन्होंने इस अवसर पर मांगलिक गीत गए। डॉ. खुशबू मंगल व डॉ. कुसुम चौधरी ने सभी महिलाओं का परीक्षण किया।

डॉ. गोविंद सिंघल की टीम हयात अली अंसारी, अमित खींची, शेख साजिद, प्रियंका विजयवर्गीय ने सभी महिलाओं की हीमोग्लोबिन, बीपी, शुगर की जांच कर परामर्श दिया गया। कार्यक्रम में किरण गोयल, मनीषा व्यास, सुनीता गोयल, अनीता गर्ग, रुची गुप्ता, कुमुद विजय, रचना ग्वालानी, शालिनी जैन उपस्थित थे।