Thursday, July 9, 2026
Home Blog Page 4630

5 लाख करोड़ से नकदी का संकट दूर करेगी सरकार

नई दिल्ली। देश में आर्थिक मंदी के हालातों को सुधारने के लिए केंद्र की मोदी सरकार ने टैक्स सुधारों का ऐलान किया है। देश में कैश फ्लो को बढ़ाने के लिए 5 लाख करोड़ रुपये सरकार बैंकों को देगी। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमन ने निवेश को बढ़ाने के लिए लॉन्ग टर्म और शॉर्ट टर्म कैपिटल गेन्स पर टैक्स सरचार्ज को वापस लेने की घोषणा की है।

विदेशी संस्थागत निवेशकों यानी FPI पर भी अतिरिक्त सरचार्ज को वापस लिया जाएगा। अब एक बार फिर से बजट से पहले की स्थिति पर वापस जाने का फैसला लिया गया है। बजट से पहले FPI पर 15 फीसदी का सरचार्ज लगता था, जिसे बजट में 25 फीसदी कर दिया था।

उन्होंने कहा कि कॉर्पोरेट सोशल रेस्पॉन्सिबिलिटी के उल्लंघन को उन्होंने क्रिमिनल केस न बनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि इस पर सिर्फ जुर्माना ही लगेगा। स्टार्टअप्स पर लगने वाले ऐंजल टैक्स की वापसी का भी फैसला लिया गया है।

बड़े संकट’ पर सरकार के अर्थशास्त्री की सफाई
इसके साथ ही बैंकों के लिए 70,000 करोड़ रुपये का पैकेज रिलीज करने का ऐलान किया गया है। सरकार की ओर से आर्थिक सुधारों का जिक्र करते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि जीएसटी में जो भी खामियां हैं, उसे दूर करेंगे। टैक्स और लेबर कानून में लगातार सुधार कर रहे हैं।

यह कहना गलत है कि सरकार किसी का उत्पीड़न कर रही है। संपत्ति बनाने वाले लोगों का हम सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि कंपनियों के विलय और अधिग्रहण की मंजूरी तेजी से दी जा रही है। वित्त मंत्री ने कहा कि टैक्स उत्पीड़न के मामलों पर रोक लगेगी।

इसके साथ ही वित्त मंत्री ने कहा कि बैंकों ने रेट कट का लाभ अब ग्राहकों तक पहुंचाने की सहमति जताई है। बैंकों से लोन लेने वाले ग्राहकों को राहत देते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि लोन क्लोजर के 15 दिनों के भीतर सिक्यॉरिटी के लिए जमा किए दस्तावेज ग्राहकों को वापस करने होंगे। वित्त मंत्री ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इकॉनमी का एक प्रजेंटेशन भी दिया। कुल 32 स्लाइड्स में निर्मला सीतारमन ने अर्थव्यवस्था की तस्वीर पेश की।

ऑटो सेक्टर के लिए भी किए राहतों के ऐलान
ऑटो सेक्टर के लिए भी बड़े ऐलान करते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि मार्च, 2020 तक खरीदे जाने वाले बीएस-4 इंजन वाले वीइकल्स को चलाने में कोई भी दिक्कत नहीं होगी। रजिस्ट्रेशन फीस में इजाफे को भी जून, 2020 तक के लिए टाल दिया गया है। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक वीइकल्स पर सरकार के जोर के चलते पेट्रोल और डीजल वाली गाड़ियों के बंद होने की आशंका थी और इसके चलते बिक्री कम होने की शिकायतें आ रही थीं।

वित्त मंत्री ने कहा, चीन और अमेरिका से ज्यादा है हमारी ग्रोथ
ग्लोबल इकॉनमी के बारे में बात करते हुए निर्मला ने कहा कि वैश्विक जीडीपी 3.2 पर्सेंट रहने का अनुमान है। ग्लोबल डिमांड कम है। निर्मला सीतारमन ने कहा कि चीन और अमेरिका समेत तमाम देशों के मुकाबले हमारी जीडीपी ग्रोथ ज्यादा है।

हम अर्थव्यवस्था से जुड़ी चिंताओं को दूर करने के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत की ग्रोथ अपने ट्रैक पर है। इकॉनमिक रिफॉर्म्स जारी रहेंगे। पर्यावरण से जुड़े क्लियरेंस को भी आसान किया गया है। हम बिजनस को मंजूरी देने की प्रक्रिया को लगातार आसान कर रहे हैं।

सुपररिच पर बढ़ाया गया सरचार्ज वापस, FPI को मिली राहत

नई दिल्ली। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPIs) की मांग को मानते हुए बजट के दौरान उनपर बढ़ाए गए सरचार्ज को वापस लेने की घोषणा की है। अब एफपीआई पर सरचार्ज बजट पूर्व 15 फीसदी ही होगा।

वित्त मंत्री ने इसकी घोषणा करते हुए कहा कि पूंजी बाजार में निवेश को उत्साहित करने के लिए यह कदम उठाया गया है। केंद्र सरकार द्वारा सरचार्ज लगाने के बाद से ही एफपीआई नाराज थे और इसके कारण पिछले कुछ दिनों के दौरान शेयर बाजार से उन्होंने भारी मात्रा में पूंजी की निकासी की थी।

बीते तीन कारोबारी सत्रों से गिरावट झेल रहे शेयर बाजार में शुक्रवार को अंतिम कारोबारी घंटे में काफी खरीदारी देखी गई, जिसके कारण बाजार मजबूत होकर बंद हुआ। इसका कारण यह रहा कि निवेशकों को केंद्र सरकार के इस फैसले का अंदाजा हो गया था।

इससे पहले, सेबी ने एफपीआई की बढ़ती चिंताओं को कम करने के लिए भारत में उनके द्वारा निवेश से संबंधित नियमों को आसान कर दिया था। उसने FPI के लिए रजिस्ट्रेशन प्रोसेस को सरल बनाया। इसके लिए व्यापक योग्यता शर्तों को खत्म कर दिया गया और निवेशकों की कैटिगरी को भी तीन से घटाकर दो कर दिया।

इनके साथ सेबी की बोर्ड मीटिंग में बायबैक नियमों में बदलाव के साथ क्रेडिट रेटिंग एजेंसियों के लिए नियम सख्त करने सहित कई फैसले लिए गए। बजट में अमीरों पर टैक्स सरचार्ज बढ़ाया गया था, जिसकी चपेट में करीब 40 प्रतिशत FPI भी आ गए थे।

इससे नाराज विदेशी निवेशकों ने जुलाई और अगस्त में काफी बिकवाली की। उन्होंने सरचार्ज को लेकर वित्त मंत्री से भी शिकायत की थी। तब सरकार ने भरोसा दिलाया था कि वह उनकी चिंताएं दूर करने पर गौर करेगी। सेबी के नए नियमों और वित्त मंत्री की घोषणा को FPI का गुस्सा शांत करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

बता दें कि देश में निवेश करने वाले 40 पर्सेंट एफपीआई ट्रस्ट या एसोसिएशंस ऑफ पर्संस (एओपी) के रूप में रजिस्टर्ड हैं। बजट में वित्त मंत्री ने सालाना 2 से 5 करोड़ की आमदनी पर इनकम टैक्स के अलावा, सरचार्ज 15 पर्सेंट से बढ़ाकर 25 पर्सेंट और 5 करोड़ से अधिक की आमदनी पर 37 पर्सेंट कर दिया था। इससे दोनों ग्रुप पर कुल टैक्स बढ़कर क्रमश: 39 पर्सेंट और 42.74 पर्सेंट हो गया था।

यह सरचार्ज सैलरी, बचत, ब्याज, म्यूचुअल फंड और स्टॉक मार्केट, इन सबसे होने वाले मुनाफों पर लगाया गया था। इसके दायरे में इंडिविजुअल, ट्रस्ट, हिंदू अविभाजित परिवार, कंपनियां और असोसिएशंस ऑफ पर्संस (एओपी) हैं।

बजट में किए गए फैसले से 5 करोड़ रुपये से अधिक सालाना आमदनी पर लॉन्ग टर्म कैपिटल गेंस टैक्स 12 पर्सेंट से बढ़कर 14.25 पर्सेंट, जबकि शॉर्ट टर्म कैपिटल गेंस रेट 17.9 पर्सेंट से बढ़कर 21.4 पर्सेंट हो गया है।

बैंकिंग और ऑटो के शेयरों में तेजी, सेंसेक्स 228 अंक उछल कर 36,701 पर बंद

मुंबई। बैंकिंग और ऑटोमोबाइल कंपनियों के शेयरों के बेहतर प्रदर्शन से शुक्रवार को शेयर बाजार तेजी के साथ बंद हुआ। बीएसई के 30 कंपनियों के शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 228.23 अंकों (0.63%) के उछाल के साथ 36,701.16 पर बंद हुआ। वहीं, नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के 50 कंपनियों के शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 88.00 अंकों (0.82%) की मजबूती के साथ 10,829.35 पर बंद हुआ।

दिनभर के कारोबार में सेंसेक्स ने 36,807.34 का ऊपरी स्तर तथा 36,102.35 का निचला स्तर छुआ। बीएसई पर 22 कंपनियों के शेयर हरे निशान पर तो आठ कंपनियों के शेयर लाल निशान पर बंद हुए। एनएसई पर 41 कंपनियों के शेयरों में लिवाली तथा नौ कंपनियों के शेयरों में बिकवाली दर्ज की गई।

इन शेयरों में तेजी
बीएसई पर वेदांता लिमिटेड के शेयर में सर्वाधिक 6.55 फीसदी, यस बैंक में 5.24 फीसदी, ओएनजीसी में 4.66 फीसदी, महिंद्रा ऐंड महिंद्रा में 4.26 फीसदी तथा टाटा स्टील के शेयर में 3.43 फीसदी की तेजी देखी गई। एनएसई पर जी लिमिटेड के शेयर में सर्वाधिक 6.55 फीसदी, यूपीएल में 6.18 फीसदी, वेदांता लिमिटेड में 5.70 फीसदी, यस बैंक में 5.60 फीसदी तथा बीपीसीएल में 5.22 फीसदी की मजबूती दर्ज की गई।

इन शेयरों में गिरावट
बीएसई पर इंडसइंड बैंक के शेयर में सर्वाधिक 1.90 फीसदी, आईटीसी में 1.71 फीसदी, आईसीआईसीआई बैंक में 0.85 फीसदी, पावरग्रिड में 0.69 फीसदी तथा एलऐंडटी के शेयर में 0.55 फीसदी की कमजोरी देखी गई। एनएसई पर इंडसइंड बैंक के शेयर में सर्वाधिक 1.78 फीसदी, आईटीसी मे 1.50 फीसदी, आयशर मोटर्स में 0.94 फीसदी, आईसीआईसीआई बैंक में 0.80 फीसदी तथा कोटक बैंक के शेयर में 0.60 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।

CMA फाउंडेशन, इंटर और फाइनल का रिजल्ट आज

नई दिल्ली। दी इंस्टीट्यूट्स ऑफ कोस्ट अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICMAI) आज सीएमए फाउंडेशन, इंटर और फाइनल परीक्षा का रिजल्ट जारी करेगा। यह रिजल्ट आज शाम तक ऑफिशल वेबसाइट पर उपलब्ध होगा। जिन आवेदकों ने यह परीक्षा दी है वो लगातार ऑफिशल वेबसाइट को चेक करते रहें।

इन वेबसाइट्स पर देखें अपना रिजल्ट
www.examicmai.in
www.examicmai.org

आवेदक अपने रिजल्ट को ऊपर दी गई वेबसाइट्स पर जाकर देख पाएंगे। जिन आवेदकों को अपने आंसर पेपर की वेरिफिकेशन करानी है उन्हें रिजल्ट घोषित होने के 30 दिनों के भीतर इंस्टीट्यूट में 250 रुपए प्रति पेपर फीस के साथ आवेदन करना होगा। अगर केवल टोटल करने में गलती होगी तो इसकी कोई डीटेल आवेदक को नहीं दी जाएगी। लेकिन अगर पेपर चेक करने में कोई गलती हुई है तो आवेदक की फीस रिफंड कर दी जाएगी।

वेरिफिकेशन फीस उसी अकाउंट में रिफंड कर दी जाएगी जिस अकाउंट से फीस का भुगतान किया गया था। आईसीएमएआई साल में दो बार फाउंडेशन, इंटर और फाइनल परीक्षा का आयोजन करता है। यह परीक्षा हर साल जून और दिसंबर में आयोजित की जाती है। जून 2019 परीक्षा का रिजल्ट आवेदक आज देर शाम ही देख पाएंगे।

Motorola का अल्ट्रा-वाइड ऐक्शन कैमरे वाला पहला फोन लॉन्च

नई दिल्ली। मोटोरोला ने भारत में अपना नया स्मार्टफोन Motorola One Action लॉन्च कर दिया है। इस स्मार्टफोन की कीमत 13,999 रुपये है। यह स्मार्टफोन 4GB रैम और 128GB के स्टोरेज में आया है। कंपनी का कहना है कि इस स्मार्टफोन में इंडस्ट्री फर्स्ट अल्ट्रा-वाइड एक्शन कैमरा दिया गया है। फ्लिपकार्ट (Flipkart) पर इस स्मार्टफोन की सेल 30 अगस्त को दोपहर 12 बजे शुरू होगी। कंपनी का कहना है कि सिंगल चार्ज पर इस स्मार्टफोन की बैटरी पूरे दिन चलेगी।

फोन में ऐंड्रॉयड वन का लेटेस्ट वर्जन
Motorola One Action में ऐंड्रॉयड वन का लेटेस्ट वर्जन दिया गया है। इस स्मार्टफोन में 2 गारंटीड ऑपेरिटंग सिस्टम अपग्रेड और तीन साल के लिए मंथली सिक्यॉरिटी अपडेट्स मिलेंगे। Motorola One Action में 6.3 इंच का डिस्प्ले दिया गया है। इसका डिस्प्ले रेजॉलूशन 2520 x 1080 पिक्सल है। यह स्मार्टफोन सैमसंग Exynos 9609 प्रोसेसर है। मोटोरोला का यह स्मार्टफोन Android 9 Pie पर चलता है।

फोन के बैक में दिए गए हैं तीन कैमरे
Motorola One Action के साथ कंपनी ने विडियो कैमरा पर फोकस किया है। फोन में 16 मेगापिक्सल का अल्ट्रा वाइड सेंसर दिया गया है, जो कि एक डेडिकेटेड विडियो कैमरा है। यह कैमरा 117 डिग्री व्यू के साथ अल्ट्रा-वाइड में विडियो शूट कर सकता है।

इस स्मार्टफोन में यूजर्स वर्टिकल फॉर्मेट में विडियो शूट करके, उसे हॉरिजेंटल फॉर्मेट में भी चला सकते हैं। इस स्मार्टफोन के रियर में दिए गए ट्रिपल कैमरा सेटअप में दो और कैमरे 12, 5 मेगापिक्सल के हैं। स्मार्टफोन में ड्यूल LED फ्लैश दिया गया है। फोन में सेल्फी के लिए 12 मेगापिक्सल का कैमरा दिया गया है।

512GB तक बढ़ा सकते हैं स्टोरेज
इस स्मार्टफोन के स्टोरेज को बढ़ाकर 512GB तक कर सकते हैं। Motorola One Action में 3,500 mAh की बैटरी है, जो कि कंपनी के खुद के 10W फास्ट चार्जिंग को सपॉर्ट करती है। मोटोरोला का यह स्मार्टफोन डेनिम ब्लू और पर्ल व्हाइट कलर में मिलेगा।

बालाकोट एयर स्ट्राइक पर फिल्म बनाएंगे विवेक

मुंबई। ऐक्टर विवेक ओबेरॉय जल्द ही भारतीय वायुसेना (IAF) की वीरता को सलाम के लिए बालाकोट एयर स्ट्राइक पर एक फिल्म लेकर आने की तैयारी में हैं। यह फिल्म बालाकोट एयर स्ट्राइक, विंग कमांडर अभिनंदन वर्थमान के गलती से पाकिस्तान पहुंचने और बाद में वतन वापसी की पूरी कहानी पर बेस्ड होगी।

इस साल फरवरी पुलवामा में हुए आतंकी हमले के बाद भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान में घुसकर जवाब दिया था। फिल्म की शूटिंग जम्मू और कश्मीर, दिल्ली और आगरा में हो सकती है और यह इस साल अंत तक फ्लोर पर होगी।

विवेक ओबेरॉय को फिल्म बनाने के लिए जरूरी परमिशन मिल गई है। फिल्म को हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषा में बनाने की प्लानिंग हो रही है। फिल्म में अभिनंदन और पाकिस्तान के फाइटर जेट्स को रोकने के लिए वायुसेना के इंटरसेप्शन मिशन को गाइड करने वाली स्क्वॉड्रन लीडर मिन्टी अग्रवाल के रोल के लिए इंडस्ट्री के स्टैब्लिश ऐक्टर्स को अप्रोच किया जाएगा। बता दें कि अभिनंदन को वीर चक्र से सम्मानित किया गया है। वहीं मिन्टी युद्ध सेवा मेडल प्राप्त करने वाली पहली महिला बन गई हैं।

प्रॉजेक्ट के बारे में विवेक ने बताया, ‘एक प्राउड भारतीय, एक देशभक्त और फिल्म इंडस्ट्री के सदस्य होने के नाते यह मेरा कर्तव्य है कि हमारे सशस्त्र बल असल में कितने सक्षम है इसके बारे में सबको बताएं। यह फिल्म अभिनंदन जैसे बहादुर ऑफिसर्स की उपलब्धियों को हाइलाइट करेगी, जो दुश्मन के घर में जाकर हर भारतीय को गर्व महसूस कराया।‘

विवेक का कहना है, ‘बालाकोट एयर स्ट्राइक भारतीय वायुसेना मेस्ट वेल-प्लान्ड अटैक्स में से एक था। मैंने पुलवामा में हमले से लेकर एयर स्ट्राइक तक की खबरों को अच्छे फॉलो किया था। इस बारे में काफी अटकलबाजियां लगाई गईं और बात की गई। यह फिल्म इन सभी अटकलबाजियों पर रोक लगाएगा और सभी को इसके बारे में सभी को बताएगी। हम पर भरोसा करने के लिए मैं भारतीय वायुसेना का धन्यवाद करता हूं और हम इसके साथ न्याय करेंगे इसकी उम्मीद करते हैं।’

कमजोर मांग से धनिया वायदा कीमतों में गिरावट

नयी दिल्ली।कमजोर घरेलू और निर्यात मांग के बीच कारोबारियों ने अपने सौदों की कटान की जिससे वायदा कारोबार में शुक्रवार को धनिया की कीमत 41 रुपये की गिरावट के साथ 5,920 रुपये प्रति क्विन्टल रह गई। इसके अलावा प्रमुख उत्पादक क्षेत्रों से आवक बढने और ऊंचे स्तर पर मुनाफावसूली से कारोबारी धारणा प्रभावित हुई।

एनसीडीईएक्स में धनिया के सितंबर डिलीवरी वाले अनुबंध की कीमत 41 रुपये अथवा 0.69 प्रतिशत की गिरावट के साथ 5,920 रुपये प्रति क्विन्टल रह गई जिसमें 27,120 लॉट के लिए कारोबार हुआ।

इसी प्रकार धनिया के अक्टूबर डिलीवरी वाले अनुबंध की कीमत 20 रुपये अथवा 0.33 प्रतिशत की हानि के साथ 6,061 रुपये प्रति क्विन्टल रह गई जिसमें 6,320 लॉट के लिए कारोबार हुआ।

IRCTC की आईपीओ के जरिए 600 करोड़ जुटाने की तैयारी

0

नई दिल्ली। भारतीय रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (IRCTC) जल्द ही इनीशियल पब्लिक ऑफर (आईपीओ) के क्षेत्र में उतरेगी, जो मौजूदा वक्त में रेलवे टिकट बुकिंग और खानपान का काम देखती है। आईआरसीटीसी ने गुरुवार को इस बाबत भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के पास अपने दस्तावेज जमा करा दिए हैं।

सरकार IPO में बिक्री पेशकश के जरिए 10 रुपए अंकित मूल्य के 2 करोड़ शेयर बिक्री के लिए पेश करेगी। ऐसे संभावना है कि इसके जरिए करीब 500 से 600 करोड़ रुपए आएंगे। सरकार आईआरसीटीसी के आईपीओ के लिए कंपनी में अपने स्टेक को 12.5 प्रतिशत तक घटा सकती है।

आईडीबीआई कैपिटल मार्केट्स एंड सिक्योरिटीज, एसबीआई कैपिटल मार्केट्स और यस सिक्योरिटीज (इंडिया) इस निर्गम का प्रबंधन करेंगी। कंपनी के शेयरों को बंबई शेयर बाजार और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज में सूचीबद्ध किया जाएगा।

सरकार का 1.05 ट्रिलियन रुपए के विनिवेश के लक्ष्य
सरकार आईआरसीटीसी के आईपीओ के जरिए मौजूदा वित्त वर्ष में करीब 1.05 ट्रिलियन रुपए का विनिवेश करेगी। बता दें कि सरकार ने वित्त वर्ष 2018-19 में करीब 85 हजार करोड़ रुपए इकट्ठा करने का बजट टारगेट रखा था। इसमें से 62,900 रुपए आईपीओ, शेयर के बायबैक, ETFs और FFOs के जरिए हासिल करने का प्लान था। वहीं 15 हजार करोड़ रुपए स्ट्रैटजिक विनिवेश और 6 हजार करोड़ रुपए प्राइवेट लिस्टिंग फर्म के शेयर में बिक्री से मिलना था।

निवेश से पहले जानें IRCTC की कमाई
अगर आप आईआरसीटीसी के आईपीओ में निवेश के बारे में सोच रहें, तो उससे पहले आपको उसकी वित्तीय हालात के बारे में जानकारी होनी चाहिए। बता दें कि आईआरसीटीसी का बिजनेस चार सेगमेंट इंटरनेट टिकटिंग, कैटरिंग, रेल नीर के तहत पीने के पानी की पैकजिंग और ट्रैवल एंड टूरिज्म में बंटा है।

इसकी सेल 25 प्रतिशत बढ़कर 1899 करोड़ रुपए हो गई है, जबकि इस साल मुनाफा वित्त वर्ष 2018 के मुकाबले 23.5 प्रतिशत बढ़कर 272 करोड़ रुपए हो गया है। आईआरसीटीसी पर रोजाना करीब 7.2 मिलियन लोग लॉग-इन करते हैं, जबकि रोजाना 8 लाख टिकट बुक किए जाते हैं। आईआरसीटीसी को आधे से ज्यादा मुनाफा कैटरिंग के कारोबार से आता है। इसके मुनाफे में 12 प्रतिशत योगदान टिकटिंग का है।

डिजिटल प्रौद्योगिकी पर फ्रांस और भारत के बीच समझौता

0

नई दिल्ली। फ्रांस और भारत ने आर्थिक विकास, सतत विकास और सुरक्षित इंटरनेट के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए अपने-अपने समाजों में डिजिटल प्रौद्योगिकी को एक परिवर्तनकारी कारक बनाए जाने पर सहमति जतायी है। दोनों देशों के बीच हुए समझौते के बाद शुक्रवार को जारी संयुक्त वक्तव्य में यह बात कही गयी है।

वक्तव्य में कहा गया कि फ्रांस और भारत इस प्रकार नागरिकों को सशक्त बनाने वाली डिजिटल तकनीकों की दृष्टि की वकालत करते हैं, असमानताओं को कम करते हैं और सतत विकास को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देश एक खुली, विश्वसनीय, सुरक्षित, स्थिर और शांतिपूर्ण साइबर स्पेस के प्रति अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि करते हैं।

महत्वपूर्ण द्विपक्षीय वार्ता के अंत में, दोनों पक्षों ने भारत सरकार के कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय और कौशल विकास एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण में सहयोग के लिए फ्रांसीसी सरकार के राष्ट्रीय शिक्षा और युवा मंत्रालय के बीच प्रशासनिक व्यवस्था पर हुए समझौते पर हस्ताक्षर किए।

भारत सरकार के नई और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ सोलर एनर्जी (एनआईईएस) और फ्रांसीसी वैकल्पिक ऊर्जा और परमाणु ऊर्जा आयोग (सीईए) के बीच समझौता ज्ञापन पर भी दोनों पक्षों ने हस्ताक्षर किए।

दोनों पक्षों ने इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के स्वायत्त संस्था सेंटर फॉर एडवांस्ड कंप्यूटिंग (सी-डैक) और एटीओएस के विकास को लेकर भी एक अन्य समझौता किया। डिजिटल पुश के संबंध में, बयान में कहा गया है कि अंतरराष्ट्रीय कानून और विशेष रूप से संयुक्त राष्ट्र का चार्टर लागू है और यह शांति और स्थिरता बनाए रखने और एक खुले, सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सुलभ डिजिटल वातावरण को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक है।

वे संयुक्त राष्ट्र के ढांचे के भीतर विकसित विश्वास और क्षमता-निर्माण के उपायों के साथ-साथ साइबर स्पेस में जिम्मेदार देश व्यवहार के स्वैच्छिक मानदंडों को बढ़ावा देने और लागू करने के महत्व की पुष्टि करते हैं।

जेट के फाउंडर नरेश गोयल के मुंबई-दिल्ली के ठिकानों पर ईडी की छापेमारी

0

नई दिल्ली। जेट एयरवेज के संस्थापक और पूर्व चेयरमैन नरेश गोयल अब मनी लॉड्रिंग और विदेश मुद्रा प्रबंधन कानून के उल्लंघन में फंसते नजर आ रहे हैं। इस संबंध में शुक्रवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने नरेश गोयल के मुंबई और दिल्ली के ठिकानों पर छापेमारी की। यह जानकारी ईडी के अधिकारियों ने दी है।

ईडी के अधिकारी ने बताया कि यह छापेमार कार्रवाई विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा) के प्रावधानों के तहत की गई है। इस छापेमारी का मकसद और सबूत जुटाना रहा है। इसी कारण नरेश गोयल के मुंबई और दिल्ली के ठिकानों पर छापेमारी की गई है। वित्तीय संकट से घिरी जेट एयरवेज का 17 अप्रैल से संचालन ठप पड़ा है।

जुलाई में कॉरपोरेट अफेयर्स की रिपोर्ट में पाया गया था कि जेट एयरवेज में फंड के डायवर्जन के अलावा बड़े पैमाने पर अनियमितताएं बरती गई हैं। इसी सिलसिले में ईडी ने यह छापामार कार्रवाई की है। नरेश गोयल ने मार्च में चेयरमैन पद से इस्तीफा दे दिया था। फिलहाल जेट एयरवेज इंसोल्वेंसी एंड बैंकरप्सी कोड के तहत समाधान प्रक्रिया से गुजर रही है।