होटल फेडरेशन की राज्य स्तरीय बैठक में हाड़ोती ट्रैवल मार्ट 2 की कार्ययोजना पेश

0
22

हाडोती ने पर्यटन मानचित्र पर अपना महत्वपूर्ण स्थान बनाया: हुसैन खान प्रदेश अध्यक्ष

कोटा। होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान की प्रदेश के पदाधिकारीयों एवं राजस्थान पर्यटन विभाग के अधिकारियों की एक बैठक रविवार कोजयपुर के एक निजी होटल में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान के अध्यक्ष हुसैन खान ने की।

बैठक में राजस्थान पर्यटन विभाग के अतिरिक्त निदेशक आनंद त्रिपाठी संयुक्त निदेशक दिलीप सिंह राठौड़, लेखा अधिकारी ताराचंद मण्डीवाल, देवी सहाय जाट, सहायक लेखा अधिकारी बुदराम यादव एवं कनिष्ठ लेखाकार अविनाश नागर मौजूद थे।

होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के सचिव रणविजय सिंह ने बताया कि बैठक में होटल फेडरेशन के सह सचिव कृष्ण अवतार कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी एवं प्रदेश पदाधिकारी सुभाष शर्मा, अंशुल सरावगी, भंवर यादव एवं जयपुर होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष दिलीप तिवारी सहित कई पदाधिकारी मौजूद थे। बैठक में राज्य के पर्यटन विकास को लेकर चर्चा हुई।

इस अवसर पर होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के अध्यक्ष हुसैन खान ने कहा कि होटल फेडरेशन एवं पर्यटन विभाग के प्रयासों से राज्य के पर्यटन विकास को दृष्टिगत रखते हुए राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऊँचाइया प्रदान की जा रही है।

होटल फेडरेशन की सभी इकाइयां कोटा ,जोधपुर, उदयपुर, जयपुर, भरतपुर, सवाई माधोपुर, बीकानेर अपने-अपने क्षेत्र में पर्यटन विकास के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। हुसैन खान ने कहा कि हमने एक नए अध्याय के तहत पर्यटन विभाग के साथ मिलकर नई शुरुआत की है, जिसके तहत ट्रेवल मार्ट जैसा बड़ा आयोजन कोटा में सफलतापूर्वक आयोजित कर एक नए अध्याय की शुरुआत की है।

इस प्रयोग में होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान और पर्यटन विभाग पूरी तरह से सफल रहा। उन्होंने कहा कि इसके लिए कोटा डिवीजन के संभागीय के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी और उनकी टीम द्वारा किए गए अथक प्रयासों से इस आयोजन ने हाड़ोती के पर्यटन विकास का एक नया अध्याय शुरू किया है।

माहेश्वरी के प्रयासों से पिछले एक वर्ष में पर्यटन को दृष्टिगत रखते हुए इस तरह के आयोजन किये जाते रहे हैं। इससे हाड़ोती में पर्यटकों की आवाजाही में भारी बढ़ोतरी हुई है और फेडरेशन द्वारा राज्य के सभी पर्यटन स्थलों को हाड़ोती को जोड़े जाने के प्रयास चल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में राज्य के पर्यटन विकास को देखते हुए हाड़ोती मुख्य सूत्रधार होगा, जो राज्य के पर्यटन विकास को गतिशीलता प्रदान करने के लिए अति आवश्यक साबित होगा।

कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने कोटा हाड़ोती ट्रेवल मार्ट को ऐतिहासिक एवं अभूतपूर्व बनाने के लिए पर्यटन विभाग और होटल फेडरेशन और उनकी सभी संभागीय इकाइयों का हार्दिक आभार प्रकट किया। माहेश्वरी ने होटल फेडरेशन की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में 7 से 10 जनवरी 2027 को होने वाले कोटा हाड़ोती ट्रेवल मार्ट 2 की कार्य योजना का प्रस्ताव भी रखा।

इसके लिए पूरे प्रदेश के पदाधिकारियो से सहयोग मांगा एवं पर्यटन विभाग के समक्ष भी इस आयोजन का प्रस्ताव रखा। माहेश्वरी ने होटल फेडरेशन की सभी संभागीय ईकाइयों से भी आग्रह किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में आने वाले पर्यटकों को हाड़ोती में भेजें एवं हाडोती के सुंदर पर्यटन स्थलों का अपने अपने स्तर पर प्रचार प्रसार करें।

माहेश्वरी ने कहा कि एक नई डेस्टिनेशन के रूप में हाड़ोती विकसित हो रही है. जिससे राज्य के अन्य पर्यटन स्थलों से जोड़ने पर राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आने वाले पर्यटकों की भारी बढ़ोतरी होगी। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी एवं हाड़ोती पर्यटन विकास के लिए प्रतिबद्ध लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला द्वारा निरंतर दिए जा रहे सहयोग पर उनका भी हार्दिक आभार प्रकट किया।

इस अवसर पर पर्यटन विभाग के अतिरिक्त निदेशक आनंद त्रिपाठी संयुक्त निदेशक दिलीप सिंह राठौड़ ने कहा कि हाडोती में सभी तरह के पर्यटन स्थल का समावेश है। उन्होंने कहा कि कोटा हाड़ोती ट्रेवल मार्ट और इस दौरान किए गए रोड शो से हाड़ोती में आने वाले पर्यटकों की संख्या में भारी बढ़ोतरी हुई है। आने वाले समय में होटल फेडरेशन के साथ मिलकर हाड़ोती का निरंतर प्रचार प्रसार एवं प्रमोशन करने के लिए हम पूर्ण तरह कटिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि अगर इस दिशा में निरन्तर प्रयास जारी रहे तो आने वाले समय में हाड़ोती राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों में राष्ट्रीय अंतर्राष्ट्रीय क्षेत्र पर पहचान बनाएगा। इस अवसर पर कोटा हाड़ोती ट्रेवल मार्ट में महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए पर्यटन विभाग के सभी अधिकारियों का स्मृति चिन्ह प्रशस्ति पत्र देकर उनका हार्दिक अभिनंदन किया।

जिन्होंने कोटा हाड़ोती ट्रैवल मार्ट को सफल बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका अदा की उनको भी स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। अंत होटल फेडरेशन के प्रदेश सचिव रणविजय सिंह ने कहा कि होटल फेडरेशन आफ राजस्थान राज्य के पर्यटन विकास के लिए शीघ्र ही एक नई कार्य योजना बनाकर राज्य के सभी संभागों में बैठकें आयोजित करेगा।