‘हमारी लड़ाई कश्मीरियों के खिलाफ नहीं, कश्मीर के लिए है’: PM मोदी

1029

टोंक। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को यहां से राजस्थान में लोकसभा चुनाव का प्रचार शुरू किया। उन्होंने विजय संकल्प सभा के दौरान नया नारा दिया- मोदी है तो मुमकिन है। उन्होंने इस दौरान कश्मीर में आतंकवाद और इमरान खान का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, ‘हमारी लड़ाई कश्मीरियों के खिलाफ नहीं, कश्मीर के लिए है। मानवता के लिए है।’

उन्होंने कहा, ‘पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान से गरीबी से लड़ने को लेकर बात हुई थी। तब उन्होंने कहा था कि पठान का बच्चा हूं। अब देखता हूं कि वे कितने खरे उतरते हैं।विधानसभा चुनाव के बाद मोदी का राजस्थान का यह पहला दौरा है। उन्होंने विधानसभा चुनाव के दौरान टोंक और सीकर में सभाएं नहीं की थीं। टोंक राजस्थान के उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट की विधानसभा सीट है। 46 साल में पहली बार कांग्रेस ने यहां किसी मुस्लिम उम्मीदवार को टिकट नहीं देकर पायलट को चुनावी मैदान में उतारा था।

इमरान अपनी बात पर खरे उतरेंगे या नहीं?
मोदी ने कहा, ‘मैंने इमरान खान से कहा था कि हिंदुस्तान, पाकिस्तान बहुत लड़ लिए। कुछ हासिल नहीं हुआ। प्रधानमंत्री बनें तो मैंने उनसे कहा था आप खेल की दुनिया से आए हो, आओ गरीबी और अशिक्षा से लड़ें। उन्होंने कहा था कि मैं पठान का बच्चा हूं। अब देखते हैं कि वे कितने खरे उतरते हैं।’

आतंक की फैक्ट्री पर लगाम लगाने का काम भी मेरे हिस्से
आतकंवाद की फैक्ट्री पर ताला लगाने का काम ही मेरे ही हिस्से लिखा है तो फिर ऐसा ही सही है। आज आतंक के खिलाफ एक व्यापक मत बन चुका है। आतंक के गुनाहगारों को सजा देने के लिए हर मोर्चे पर मजबूती के साथ हम आगे बढ़ रहे हैं। यह संकल्प मोदी का नहीं, 130 करोड़ हिंदुस्तानियों का है, क्योंकि यह राजनीति से ऊपर राष्ट्रनीति का और राष्ट्र की सुरक्षा का सवाल है।

हम आतंक को कुचलना जानते हैं
पुलवामा हमले के बाद आपने भी देखा है कि एक-एक हिसाब लिया जा रहा है। हमारी सरकार के फैसलों से वहां हड़कंप मचा है। देश में रहते हुए अलगाववादियों पर भी कार्रवई सख्त हुई है और होती रहेगी। यह बदला हुआ हिंदुस्तान है। हम दर्द सहकर चुपचाप नहीं बोलते हैं। हम आतंक को कुचलना भी जानते हैं। यह नई रीति और नीति वाला भारत है। मैं आज राजस्थान की वीर धरती से आक्रोश से भरी हुई देश की जनता को विशेषकर युवाओं से भी आग्रह करना चाहता हूं।

हमारी लड़ाई आतंकवाद के खिलाफ
सेना को हमने पूरी तरह खुली छूट दे दी है। मैं देख रहा हूं सोशल मीडिया पर वीर रस की बाढ़ आई है। हमारी लड़ाई कश्मीर के लिए हैं। कश्मीर के खिलाफ नही है। कश्मीरियों के खिलाफ नहीं है। आतंकवाद के खिलाफ है। मानवता के खिलाफ नहीं है। कश्मीर का बच्चा-बच्चा भी आतंकवाद को खत्म करने के लिए परेशान है। आपने देखा होगा अमरनाथ की यात्रा पर लाखों श्रद्धालु जाते हैं। उनकी देखभाल मेरे कश्मीर का बच्चा करता है।

कश्मीर का हर बच्चा आतंकवाद से परेशान
कश्मीर का बच्चा-बच्चा आतंकवाद से परेशान है। वह हमारे साथ आना चाहता है। हमें उन्हें साथ रखना है। जवान जब घायल हुए तो उन्हे खून देने के लिए कश्मीरियों की लाइन लग गई थी। हिंदुस्तान के किसी भी कोने में मेरे कश्मीर के लाल की हिफाजत करना मेरे हिंदुस्तान के हर लाल का काम है। उनके खिलाफ देश में कहीं भी गलत नहीं होना चाहिए।

2014 में भाजपा ने जीती थीं सभी सीटें
राजस्थान में लोकसभा की 25 सीटें हैं। भाजपा 2014 सभी सीटों पर जीती थी। राज्य में यह उसका अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था। पार्टी इसे दोहराना चाहती है। वहीं, विधानसभा चुनाव में जीत से लबरेज कांग्रेस नेता इसमें सेंध लगाने की तैयारी में जुटे हैं।